जौनुपर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह में प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने मंगलवार को महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में 73 मेधावियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया। इसके साथ ही 67 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई। कक्षा 6 से 8 के 51 बच्चों को स्कूल बैग, पाठ्य साम्रगी एवं फल उपहार में दिए गए।
दीक्षांत समारोह के संबोधन में कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि विद्यार्थी संस्कृति के अनुरूप अपने व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करें यहीं वास्तविक शिक्षा है। नई शिक्षा नीति- 2020 राष्ट्रीय चरित्र और व्यक्तित्व निर्माण के साथ देश को उन्नत राष्ट्र की श्रेणी में खड़ी करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी फूल की तरह गुणवान होने के साथ-साथ विनम्र बनें।
इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल ने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों बाल विवाह एवं महिलाओं पर होने वाले घरेलू अत्याचार पर रोक लगायी जाय। उन्होंने कहा कि इसका विरोध घर से ही शुरू हो। कुपोषित बच्चे बाल विवाह की देन हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षक टीबी मुक्त समाज के लिए आगे आएं। एक शिक्षक एक बच्चे को गोद ले, तभी टीबी का समूल नाश होगा। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर कुपोषित एवं कमजोर बच्चे ही आते है इसलिए आंगबाड़ी केन्द्रो पर बच्चों को अच्छा पोषाहार दिया जाय तथा अतिकुपोषित बच्चों की ठीक से देखभाल की जाय तो कुपोषण से मुक्ति मिल सकती है।
महिलाओं पर होने वाले घरेलू अत्याचार के संदर्भ में महामहिम ने कहा कि महिला मां, बहन, पत्नी, भाभी है, वह ही वंश को आगे बढ़ाती है। उन्होंने समाज में परिवर्तन के लिए महिलाओं से अपनी सोच बदलने को भी कहा।
मुख्य अतिथि रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी के कुलाधिपति प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक प्रो0 पंजाब सिंह के कहा कि न्यू इंडिया के स्लोगन के साथ भारत एक बार पुनः अपनी खोई हुई ताकत को प्राप्त करना चाहता है। उन्होंने कहा कि विश्व गुरु बनने के लिए भारत को नए सिरे से जी-तोड़ मेहनत करनी होगी। इसके के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में क्रन्तिकारी सुधार लाने होंगे। भारत सरकार की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 देश के युवाओं में उड़ान भरने के लिए पंख लगाने और पुराने गौरव को पाने का एक प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भारत अपने भविष्य के सुनहरे दौर के करीब है जहां उसकी अर्थव्यस्था नई उंचाइयों को छू सकती है। देश के युवाओं में ऊर्जा है, उत्साह है, उमंग है, उत्सुकता है, असीम संभावनाओं से युक्त कल्पनाओं की उड़ान है। सपनों को देखने और उसे पूरा करने की हिम्मत है। उन्होंने कहा कि भारतीय शिक्षा का इतिहास भारतीय सभ्यता का दर्पण है और हमारी भव्य विकसित सभ्यता का प्रमाण भी. शिक्षा के साथ- साथ स्वास्थ्य भी एक ऐसी मूलभूत आवश्यकता है जो देश के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचना जरूरी है। भारत सरकार के आयुष्मान भारत योजना की सराहना होनी चाहिए।
कुलपति, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रो. निर्मला एस. मौर्य ने वसंत पंचमी की बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। कोविड काल में भी विश्वविद्यालय निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहा। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक, प्रशासकीय अनुसंधान, संगोष्ठी, मासिक परिचर्चा, निर्माण, पर्यावरण संरक्षण के कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य एवं शासन की मंशानुसार निर्देशित अन्य कार्यों का आगे बढ़कर नेतृत्व किया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय न केवल एक शैक्षणिक संस्थान है, बल्कि बौद्धिक एंव चारित्रिक चेतना के निर्माण का एक केन्द्र भी है। आधुनिक प्रयोशालाओं, कक्षाओं, योग्य शिक्षकों के मार्गदर्शन, उपयुक्त प्रशिक्षण एवं पाठ्येतर गतिविधियों में तल्लीनता ही बहुमुखी विकास के मार्ग को प्रशस्त कर सकती है। ज्ञानार्जन के विभिन्न तकनीकी साधनों के बावजूद परम्परागत कक्षाओं में विद्यार्थी एवं शिक्षक का शैक्षणिक संवाद उनके प्रभावशाली निर्माण का सर्वोच्च कारक सिद्ध होता है। कुलपति ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को भी गिनाया।
दीक्षांत समारोह की शुरुआत में शोभायात्रा निकाली गई, जिसका नेतृत्व कुलसचिव महेंद्र कुमार ने किया। शोभायात्रा में अतिथियों के साथ कार्य परिषद् एवं विद्या परिषद के सदस्य शामिल हुए। दीक्षांत समारोह का संचालन प्रो. अजय द्विवेदी ने किया। संचालन प्रो. अजय द्विवेदी ने और धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव महेंद्र कुमार ने किया।
![]() |
राज्यपाल संबोधित करते हुए |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
إرسال تعليق