वाराणसी। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर गत दिनों हुई हड़ताल में शामिल पूर्वांचल डिस्कॉम के भी अभियंताओं व कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन कटेगा।
इस संबंध में यूपी पॉवर कारपोरेशन का आदेश पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम को मिल गया है। डिस्कॉम प्रबंधन 21 जिलों के हड़ताली कर्मचारियों की सूची तैयार करवा रहा है। कुछ जिलों से सूची आ भी गई है।
उल्लेखनीय है कि विभिन्न मांगों को लेकर 17 से 19 मार्च के बीच 72 घंटे की सांकेतिक हड़ताल हुई थी। वाराणसी जोन के चार जिलों-वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों की सूची तैयार की गई है। चारों जिलों में 17 से 19 मार्च के बीच उपस्थित कर्मचारियों की संख्या 23 थी। 17 मार्च को मुख्य अभियंता कार्यालय में पांच कर्मचारी उपस्थित थे। वेसू सर्किल प्रथम में 48 और सर्किल-द्वितीय 28 लोगों ने ड्यूटी की थी। चंदौली में 292, जौनपुर में 70 और गाजीपुर में 165 कर्मचारियों ने हाजिरी भरी थी।
इसी तरह 18 मार्च को मुख्य अभियंता कार्यालय में पांच कर्मचारी ड्यूटी पर थे। वेसू सर्किल प्रथम में 47 और सर्किल-द्वितीय 28 कर्मचारियों ने ड्यूटी की थी। चंदौली में 118, जौनपुर में 72 और गाजीपुर में 112 कर्मचारी उपस्थित थे। 19 मार्च को मुख्य अभियंता कार्यालय में पांच कर्मचारी नौकरी पर थे। सर्किल प्रथम में 45, सर्किल-द्वितीय 29 लोग ड्यूटी की थी। चंदौली में 315, जौनपुर में 95 और गाजीपुर में 121 कर्मचारी थे। उपस्थित कार्मिकों की संख्या के आधार पर ही अनुपस्थित अफसरों और कर्मचारियों की गिनती की जाएगी। वहीं, आंदोलनकारियों का कहना है कि वेतन कटौती के आदेश से भविष्य में आंदोलन को और धार मिलेगी। साभार एचटी।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
إرسال تعليق