फिरोजाबाद। शिकोहाबाद में कुर्सी चोरी के आरोप में गांव के ही युवक को पकड़ कर ग्राम प्रधान ने परिजन के साथ युवक को पेड़ से बांधकर नीचे आग जलाकर उसे तालिबानी सजा दी। जब इसका वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर प्रधान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
शुक्रवार को प्रधान के भाई को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया।
दिवायची निवासी मुकेश कुमार ने तीन अप्रैल को थाने में तहरीर दी थी कि ग्राम प्रधान विष्णु दयाल ने अपने भाई, पुत्र और पत्नी सहित उस पर चोरी का आरोप लगा कर गांव के बाहर पेड़ पर लटका दिया और नीचे आग लगा कर जान से मारने का प्रयास किया। घटना का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और मुकदमा दर्ज कर आरोपी ग्राम प्रधान विष्णु दयाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना 28 मार्च दोपहर एक बजे की बताई गई है। गांव दिवाइची के प्रधान विष्णु दयाल के घर से कुर्सी चोरी हो गई थी। चोरी का शक मजदूरी करने वाले मुकेश कुमार पर था। इसलिए प्रधान ने और उसके घरवालों ने मुकेश को उसके घर से पकड़ लिया। उसको पीटते हुए गांव के बाहर बरगद के पेड़ के पास ले गए। आरोप है कि प्रधान और उसके साथियों ने यहां बुरी तरह पीटा। मुकेश लगातार चोरी से इन्कार करता रहा तो उसके हाथ बांधकर पेड़ से लटका दिया। इसके बाद भी जब उसने चोरी नहीं स्वीकारी तो पेड़ के नीचे लकड़ियां रखकर आग लगा दी। यह घटनाक्रम लगभग दो घंटे तक चला।
शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर प्रधान के भाई पोखपाल निवासी दिवाइची को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र मिश्र ने बताया कि शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। साभार ए.यू।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
إرسال تعليق