आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह लुधियाना से आए युवक ने मंगेतर और उसकी मां पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया।
तीनों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के पिता लुधियाना में रहते हैं। परिवार के साथ युवती भी वहीं रहकर पढ़ाई करती है। वह बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। दो साल पूर्व वह राजस्थान के श्रीगंगानगर जनपद के हिंदमाला कोट थाना क्षेत्र के खाका गांव निवासी 22 वर्षीय राबिन सिंह के संपर्क में आई थी। राबिन भी लुधियाना में रहकर काम करने के साथ पढ़ाई करता था। दोनों चोरी-छिपे मिलने लगे। मामले की जानकारी होने के बाद दोनों के परिवार के लोग उनकी शादी के लिए तैयार हो गए। बीते वर्ष मई माह में दोनों की इंगेजमेंट हुई थी। युवती अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती थी। इसके लिए वह दो-तीनसाल बाद शादी करने के लिए कह रही थी। तीन माह पहले वह अपनी मां के साथ कप्तानगंज थाना क्षेत्र में स्थित गांव आ गई। इसके बाद से यहीं रह रही थी। राबिन उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। परिजनों ने बताया कि शनिवार की सुबह युवक लुधियाना से युवती के घर पहुंच गया। वह शादी के लिए दबाव बनाने लगा। विवाद बढ़ने पर युवक ने चाकू से युवती के गर्दन पर हमला कर दिया। बचाव में आई उसकी मां को भी चाकू मार कर घायल कर दिया। मां के शोर मचाने पर गांव के लोग आ गए। ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि तीनों का उपचार चल रहा है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। आरोपी युवक का पुलिस कस्टडी में उपचार कराया जा रहा है।
इंस्टाग्राम के जरिए दोनों आए थे संपर्क में
लुधियाना में युवती दो साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए युवक के संपर्क में आई थी। दोनों पढ़ाई कर रहे थे। युवक पार्ट टाइम काम भी कर रहा था। युवती के संपर्क में आने के बाद उसने उसके आवास के पास ही किराए का कमरा ले लिया था। प्रेम परवान चढ़ने पर दोनों चोरी-छिपे मिलने लगे। इसकी जानकारी दोनो के परिवार के लोगों को हो गई थी। जिसके बाद उनकी रजामंदी से उनकी सगाई करा दी गई थी। तीन माह पहले युवती के गांव चले आने और दो-तीन साल बाद शादी करने की बात कहने से युवक परेशान हो गया था। वह शादी के लिए दबाव बना रहा था। साभार एचटी।
![]() |
फोटो साभार, डीबी |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com
إرسال تعليق