अधेड़ उम्र के दुल्हे को देखकर दुल्हन ने शादी से किया इंकार, थाने तक पहुंचा मामला

अधेड़ उम्र के दुल्हे को देखकर दुल्हन ने शादी से किया इंकार, थाने तक पहुंचा मामला

अमरोहा । जनपद के गजरौला में अपने पिता की उम्र का दूल्हा देखकर दुल्हन का पारा चढ़ गया। उसने दूल्हे के साथ शादी करने से इनकार करते हुए खूब खरी-खोटी सुनाई।

इस दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा। तभी किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्ष को समझाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। इस पर पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले गई। वहां पर समझौता होने के बाद बरात बैरंग वापस लौट गई।

मामला गुरुवार की रात करीब 12 बजे का है। भानपुर रेलवे फाटक के पास स्थित एक मंडप में वैवाहिक कार्यक्रम था। इस मंडप में बदायूं क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती व हापुड़ क्षेत्र के रहने वाले लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति के साथ विवाह कराया जा रहा था। बरात में 100 से ज्यादा लोग भी आए थे। जैसे ही दुल्हन को पता चला कि जिस व्यक्ति से उसकी शादी होने वाली है। उसकी उम्र 50 से ज्यादा है तो उसने शादी करने से इनकार करना शुरू कर दिया।

इस दौरान लोगों ने दुल्हन को समझाने का प्रयास किया तो दुल्हन ने उन लोगों को समाज की दुहाई देते हुए खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही 112 डायल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले गई। थाने में दुल्हन में दूल्हा पक्ष के बीच समझौता होने के बाद बरात बैरंग वापस लौट गई। कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी महेंद्र शर्मा ने बताया कि दूल्हे की उम्र ज्यादा होने पर दुल्हन ने शादी करने से इनकार किया था। बाद में दोनों पक्ष के लोगों में समझौता होने पर मामला खत्म हो गया। इस प्रकरण में किसी भी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। साभार जेएनएन।

सांकेतिक चित्र

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

أحدث أقدم