आज होगा ब्लॉक प्रमुख के भाग्य का फैसला,5 प्रमुखों का निर्विरोध होना तय

आज होगा ब्लॉक प्रमुख के भाग्य का फैसला,5 प्रमुखों का निर्विरोध होना तय

जौनपुर । जिले के 21 ब्लॉकों में क्षेत्र पंचायत प्रमुखों की ताजपोशी शनिवार को हो जाएगी। मतदान की तैयारियों को शुक्रवार देर शाम तक अंतिम रूप दे दिया गया। पांच ब्लॉकों में निर्विरोध निर्वाचन तय होने के कारण 16 ब्लॉकों में ही मतदान कराया जाएगा। इसके लिए चार जोनल और 16 स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। 

यहां के 1546 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुरक्षा को लेकर ब्लाकों पर चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। पांच ब्लाक केराकत, बक्शा, डोभी, रामनगर व बरसठी में मात्र एक ही नामांकन होने से यहां के प्रत्याशी का निर्विरोध चुनाव जाना तय है। चुनाव को लेकर ब्लाकों पर जिला मुख्यालय से एक एआरओ समेत कुल चार कर्मियों को लगाया गया है।

मतदान को लेकर ब्लाकों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरा, मतदान कक्ष में घड़ी का बंदोबस्त कर दिया गया है। जिला प्रशासन की तरफ से शाहगंज, जलालपुर, मुंगराबादशाहपुर जैसे संवेदनशील ब्लाकों पर सीनियर अधिकारियों को लगाया गया है। विजयी प्रत्याशियों को कलेक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी के हाथों प्रमाण पत्र दिया जाएगा। चुनाव वाले ब्लाकों पर बीडीसी मतदाताओं की संख्याधर्मापुर में 44, बदलापुर में 105, रामपुर में 100, मुफ्तीगंज में 64, जलालपुर में 85, सिकरारा में 88, महराजगंज में 83, मड़ियाहूं में 106, सुजानगंज में 105, सुइथाकला में 93, सिरकोनी में 85, खुटहन में 109, करंजाकला में 111, मछलीशहर में 114, मुंगराबादशाहपुर में 99, शाहगंज सोंधी में 155 बीडीसी सदस्य मतदाता हैं।

बोले जिम्मेदार : 16 ब्लाकों में चुनाव होना है। इसमें शाहगंज, मुंगराबादशाहपुर, जलालपुर ब्लाक पर एडीएम, सीआरओ, एसडीएम स्तर के अधिकारियों को लगाया गया है। इसके अलावा मतदान स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सीसीटीवी कैमरा, वीडियोग्राफर लगाए गए हैं। प्रत्याशी के अस्वस्थ होने पर मतगणना में दूसरा बीडीसी सदस्य ही प्रतिनिधि के तौर पर उपस्थित हो सकता है, घर को कोई भी सदस्य नहीं रहेगा। प्रमाण पत्र कलेक्ट्रेट में जिला निर्वाचन अधिकारी के हाथों दिया जाएगा। -मनीष कुमार वर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी।

जिले में ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए शनिवार को 16 ब्लाकों में 38 प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला होना तय है। गुरुवार को जांच में जहां अपना दल (एस) के रामपुर ब्लाक के प्रत्याशी का पर्चा जहां निरस्त हो गया वहीं शुक्रवार को छह प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया है। शासन से भेजे गए प्रेक्षक ने सिकरारा ब्लाक में तैयारियों का जायजा लिया। आठ जुलाई को हुए नामांकन में 50 प्रत्याशियों ने कुल 82 सेट में नामांकन किया था। इसमें से पांच ब्लाकों बरसठी, रामनगर, केराकत, डोभी, बक्शा पर एक-एक प्रत्याशियों ने नामांकन किया था, इससे यहां पर निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। मड़ियाहूं में अपना दल एस की प्रत्याशी उषा पटेल का पर्चा जांच के दौरान निरस्त हो गया। जिसका कारण प्रस्तावक का प्रमाण पत्र न लगाने को बताया जा रहा है। अब यहां पर तीन प्रत्याशी निर्दलीय रेखा यादव, सपा समर्थित ज्योति यादव, निर्मला यादव मैदान में है।

मुंगराबादशाहपुर ब्लाक में निर्दल पूजा दुबे ने पर्चा वापस ले लिया, सपा समर्थित चमेला देवी, भाजपा समर्थित सत्येंद्र सिंह फंटू के बीच कड़ा मुकाबला है। सिरकोनी में निर्दल अभिषेक सिंह ने पर्चा उठा लिया, अब मैदान में सपा समर्थित सपना सिंह, भाजपा समर्थित वंशराज सिंह है। खुटहन में चार दावेदारों में दो निर्दल शांति देवी, जयशंकर यादव ने नाम वापसी की। सुइथाकला में निर्दल कपिलदेव वर्मा ने नाम वापसी ली, अब भाजपा समर्थित विद्या देवी व सपा समर्थित धर्मेंद्र वर्मा के बीच लड़ाई है। धर्मापुर में पूनम यादव ने नाम वापस लिया है। प्रेक्षक ने चुनाव तैयारियों का लिया जायजाप्रेक्षक अजय कुमार सिंह ने सिकरारा में ब्लाक प्रमुख चुनाव में मतदान एवं मतगणना कार्य की तैयारियों का जायजा लिया। एआरओ अनिल कुमार वर्मा एवं अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। प्रेक्षक के निरीक्षण के दौरान एआरओ के अतिरिक्त एडीओ आईएसबी एके पांडेय, एडीओ पंचायत आदि मौजूद रहे।

©Parmar Times


रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह

जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने