जौनपुर । लखनऊ सीजेएम कोर्ट से भगोड़ा घोषित पूर्व सांसद धनंजय सिंह का प्रभाव ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी देखा जा रहा है। जौनपुर जिले के बक्शा ब्लॉक में जहां निर्दल प्रत्याशी की जीत का श्रेय उन्हें दिया जा रहा है, वहीं आधा दर्जन सीटों पर उनके चहेतों के चुनाव मैदान में होने की चर्चा है।
बक्शा में बेलापार गांव निवासी मनोज यादव के सामने सत्ताधारी दल से अधिकृत प्रत्याशी निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख सजल सिंह और सपा की प्रत्याशी विद्या दुबे को मैदान छोड़ने के पीछे भी धनंजय सिंह का ही प्रभाव माना जा रहा है। 38 वर्षीय मनोज यादव बीडीसी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2010 में हुए ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी धनंजय के प्रयास से ही मनोज की भाभी सुनीता यादव यहां से ब्लॉक प्रमुख चुनी गईं थीं।
मनोज के भाई महेंद्र यादव बक्शा के वार्ड 25 से जिला पंचायत सदस्य हैं और जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में वह नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला धनंजय सिंह के प्रस्तावक भी रहे। चर्चाओं पर गौर करें तो रामपुर, सिकरारा, महराजगंज, सिरकोनी, मुंगराबादशाहपुर सहित कुछ और ब्लॉकों में उनके चहेते चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। जिनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए उनके समर्थक लगे हुए हैं। साभार अमर उजाला।
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

एक टिप्पणी भेजें