विवाहिता की हत्या कर शव को लगाया ठिकाने, महज 6 महीने पहले हुई थी शादी,पुलिस ने दर्ज किया केस

विवाहिता की हत्या कर शव को लगाया ठिकाने, महज 6 महीने पहले हुई थी शादी,पुलिस ने दर्ज किया केस

भोजपुर । एक विवाहिता की कथित रूप से हत्या कर शव को ठिकाने लगाए जाने का बड़ा मामला सामने आया है। घटना भोजपुर जिले के आरा टाउन थाना क्षेत्र अन्तर्गत महादेवा रोड मोहल्ला की है।

इसे लेकर मृतका की मामी पल्लवी साह ने संबंधित थाना में पति समेत छह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें दहेज में चार पहिया गाड़ी नहीं दिए जाने पर प्रताड़ित करने एवं हत्या कर शव को गायब किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।

जिसके आधार पर पुलिस मामले की छानबीन की। इस दौरान घर की भी तलाशी ली गई। हालांकि, शव नहीं मिला। इंस्पेक्टर राम विलास चौधरी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। घटना के बाद से सभी फरार बताए जाते है। शुरूआती जांच में मरने के बाद शव जलाए जाने की बात सामने आ रही है। गोतनी से पूछताछ चल रही है। मृतका नेहा गुप्ता महादेवा रोड निवासी विकास गुप्ता की पत्नी बतायी जा रही है।


महज छह माह पहले ही हुई थी नेहा की शादी

बेगूसराय जिले के तेघरा थाना के तेघरा गांव निवासी पवन गुप्ता की पुत्री नेहा गुप्ता की शादी पिछले साल एक दिसंबर 2021 को आरा टाउन थाना के महादेवा रोड निवासी वेद प्रकाश गुप्ता के पुत्र विकास कुमार गुप्ता के साथ हुई थी। पूरा वैवाहिक कार्यक्रम बेगूसराय के ही मड़वाड़ी मोहल्ला स्थित एक विवाह भवन से हुआ था। शादी के बाद नेहा अपने ससुराल चली आई थी। मृतका की मामी का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही दहेज में चार पहिया गाड़ी की मांग को लेकर उसके पति विकास,सास, भैंसुर मिथलेश गुप्ता, राम प्रसाद, ननद, भांजा ज्ञान कुमार उसकी भांजी को प्रताड़ित करने लगे थे। मारपीट भी किया करते थे। हत्या करने की धमकी देते थे। अंतत: नेहा शादी की पहली सालगिरह भी नहीं मना सकी।


बेगूसराय से आए मायके वाले तो घर पर लटक रहा था ताला

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका नेहा गुप्ता के भाई समेत परिवार के सदस्य गुरूवार को बेगूसराय से आरा पहुंचे। महादेवा रोड स्थित ससुराल के आवास पर पहुंचे तो घर में ताला लटक रहा था। इसके बाद इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टाउन इंस्पेक्टर राम विलास चौधरी व दारोगा अविनाश कुमार वहां पहुंच गए। घर के बाहर भीड़ जमा हो गई। बाद में ताला खोलवाया गया। कमरे के अंदर शव नहीं मिला। रिश्तेदारी से जुड़े दो-तीन लड़के मिले। इसके बाद गोतनी को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। मृतका की मामी के अनुसार बीमारी से मौत की सूचना दिए थे। लेकिन, जब वह यहां पर आई तो पता चला कि बुधवार से ही परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए है। उनकी भांजी की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया है। साभार जेएनएन।

नेहा, फाइल फोटो

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने