लखीमपुर । मनचाहा चमत्कारी पत्थर न मिलने से नाराज एक व्यक्ति ने भीरा कस्बे में वृद्ध तांत्रिक को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल तांत्रिक को जिला मुख्यालय से लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
मामले की रिपोर्ट नामजद दर्ज की गई है।
कस्बा भीरा की लखीमपुर रोड निवासी 65 वर्षीय शौकत अली पुत्र अब्दुल रहमान तांत्रिक का काम करता है। वह लोगों से पैसे लेकर कथित रूप से जमीन में गड़े खजाने का पता बताया करता था। इसके साथ ही वह कथित चमत्कारी पत्थर भी लोगों को देता था, जिससे मनोकामना पूर्ण होने का दावा करता था।
इसी संबंध में जौनपुर के एक व्यक्ति से उसने चमत्कारी पत्थर देने के लिए पैसे लिए थे लेकिन, वह पत्थर उपलब्ध नहीं करा पा रहा था। इसी बात को लेकर उसका जौनपुर के व्यक्ति से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात लगभग 10 बजे जब तांत्रिक शौकत अपने घर में सो रहा था, तभी हमलावर उक्त जौनपुर निवासी व्यक्ति उसके घर में घुस गया और उसे तमंचे से गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
गोली चलने पर वृद्ध की पत्नी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को घटना की सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार गौतम मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। वहां से डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया है। इस संबंध में एसएचओ ने बताया कि घायल पेशे से तांत्रिक है, जो झाड़-फूंक करने के साथ तंत्र क्रिया भी करता है।
वह लोगों को गड़े खजाने के बारे में बताने के साथ-साथ तंत्र मंत्र के माध्यम से उसको पाने का तरीका बताने का दावा किया करता था। इस मामले में वह लोगों से पैसा भी ऐंठता था। इससे उसका कई लोगों से लेनदेन संबंधी विवाद भी चल रहा था। इस तरह के कुछ मामले जानकारी में भी आए हैं। इसी के चलते गुरुवार रात एक हमलावर ने उसे घर में घुसकर गोली मारी है।
कोतवाल का कहना है कि घायल के परिवारजन ने बताया कि हमलावर जौनपुर का निवासी है और उसका नाम शर्मा है। पूरा नाम वे लोग नहीं बता सके। मामले की तहरीर में भी शर्मा नाम का जिक्र किया गया है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही नामजद व्यक्ति की तलाश में पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। साभार जेएनएन।
![]() |
जॉच पड़ताल करते पुलिस वाले |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें