उप स्वास्थ्य केंद्र में महिला स्वास्थ्यकर्मी का हाथ-पैर बांधकर 5 दरिंदो ने किया दुष्कर्म, विडियो भी बनाई

उप स्वास्थ्य केंद्र में महिला स्वास्थ्यकर्मी का हाथ-पैर बांधकर 5 दरिंदो ने किया दुष्कर्म, विडियो भी बनाई

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक उप स्वास्थ्य केंद्र में महिला स्वास्थ्यकर्मी का हाथ-पैर बांधकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं आरोपियों ने इस शर्मनाक करतूत का वीडियो भी बना लिया है।

मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। मामला झगराखांड थाना क्षेत्र के छिपछिपी गांव का है।

दिवाली पर्व के कारण स्कूल और आंगनबाड़ी बंद

झगराखांड थाना प्रभारी दीपेश सैनी ने बताया कि पीड़ित नर्स ग्राम पंचायत पाराडोल की रहने वाली है। वह रोज 5 किलोमीटर दूर छिपछिपी के उप स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी के लिए सुबह 10 बजे आती है। उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ही पूर्व माध्यमिक शाला, आंगनबाड़ी और ग्राम पंचायत भवन भी है। दिवाली के त्योहार की छुट्टियां 21 अक्टूबर से स्कूल में दे दी गई है, इसलिए शुक्रवार को स्कूल और आंगनबाड़ी बंद थे। वहीं सरपंच अंगद सिंह ने बताया कि वे और सचिव भी दोपहर 12-1 के करीब कार्यालय में ताला लगाकर घर चले गए थे। नर्स वहां अकेली ही बच गई थी।

हाथ-पैर बांधकर गैंगरेप

बताया जा रहा है कि उप स्वास्थ्य केंद्र छिपछिपी में 3 लोग पदस्थ हैं, लेकिन फिलहाल दो कर्मचारियों को कहीं और अटैच किया गया है। थाना प्रभारी दीपेश सैनी ने बताया कि कल दोपहर 3 बजे 5 आरोपी उप स्वास्थ्य केंद्र में आए। इन्होंने पहले नर्स को बंधक बना लिया। फिर उसके हाथ-पैर बांध दिए और गैंगरेप को अंजाम दिया। 2 घंटे के बाद शाम 5 बजे उसके हाथ-पैर खोल दिए और घटना की सूचना किसी को भी नहीं देने की धमकी देकर नर्स को वहां से जाने के लिए कह दिया।

आरोपियों में एक एक नाबालिग

इसके बाद पीड़ित नर्स जैसे-तैसे अपनी स्कूटी से घर पाराडोल पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। फिर पीड़िता परिवार वालों के साथ झगराखांड थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। उप स्वास्थ्य केंद्र में दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात के हो जाने से पुलिस भी सकते में आ गई। बताया जा रहा है कि 5 में से 4 आरोपी छिपछिपी गांव के ही रहने वाले हैं, इसलिए नर्स ने उनके नाम बता दिए। इनमें से एक नाबालिग है, जबकि पांचवां आरोपी खड़गवां जनपद पंचायत के कौड़ीमार गांव का है।

वारदात का बनाया वीडियो

नर्स ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने गैंगरेप की वारदात का वीडियो भी बनाया है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई अप्रिय स्थिति नहीं बने। पुलिस ने फिलहाल आरोपियों के नाम का खुलासा नहीं किया है। मौके पर आला अधिकारी भी पहुंचे हैं और घटना की जांच की जा रही है।

भाजपाइयों ने किया थाना में प्रदर्शन

अब इस मामले को लेकर राजनीति गर्मा गई है। अस्पताल में महिला स्वास्थ्यकर्मी से रेप की घटना के बाद भाजपा ने शनिवार को झगराखांड थाना परिसर में प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष अनिल केशरवानी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता और महिला मोर्चा की महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साभार जेटीवी।

फाइल फोटो 

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने