जौनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत वार्ड ब्वाय दुर्गा प्रसाद की अज्ञात बदमाशों ने पिटाई कर दी थी। घटना शनिवार की अपराहन एक बजे की है। घायल स्वास्थ्य कर्मी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया।
इसे लेकर चिकित्सक सहित स्वास्थ्य कर्मियों ने विरोध में प्रदर्शन कर ओपीडी कार्य का बहिष्कार किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मुकदमा कर जांच पड़ताल में जुटी है। अस्पताल की सुरक्षा में लगाए गए होमगार्ड मौके पर मौजूद थे। आरोप है कि वार्ड ब्वाय दुर्गा प्रसाद ओपीडी के लिए मरीजों की पर्ची काट रहा था।
इसी बीच गमछा से मुंह बांधकर नकाब पोश तीन बदमाश उनके पास पहुंच गए और पिटाई करने लगे। घायल अवस्था में वार्ड ब्वाय दुर्गा प्रसाद वहीं गिर पड़े। जब तक स्वास्थ्य कर्मी बाहर आते बदमाश पैदल ही अस्पताल से बाहर भाग गए। घटना के बाद अस्पताल कर्मी अस्पताल के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. संजय दुबे ने प्रशासन को चेताया कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है तब तक इमरजेंसी सेवा के अलावा ओपीडी सेवा बंद रहेगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दुबे ने बताया कि घटना की जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह को भी दे दी गई है।
विरोध प्रदर्शन करने वालों में डॉ.अरविंद कुमार पांडेय, डॉ. कविंद्र त्रिपाठी, नेत्र सहायक राकेश मिश्रा, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राकेश मौर्य, जटाशंकर मिश्र, फार्मासिस्ट सुभाष चंद्र मौर्य, फूलमती, कामना सिंह, पूनम, किरण लता आदि मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। साभार ए यू।
![]() |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें