जौनपुर सदर सीट का टूटा तिलस्म,टंडन परिवार के कब्जे वाली सीट पर बीजेपी ने किया कब्जा,देखे अन्य सीटों का हाल

जौनपुर सदर सीट का टूटा तिलस्म,टंडन परिवार के कब्जे वाली सीट पर बीजेपी ने किया कब्जा,देखे अन्य सीटों का हाल

जौनपुर। निकाय चुनाव में इस बार जौनपुर नगर पालिका समेत कई सीटों पर कांटे का संघर्ष हुआ। अध्यक्ष पद पर यहां पिछले 22 वर्षों से इस सीट पर टंडन परिवार का कब्जा था लेकिन मौर्या समीकरण ने इस तिलिस्म को तोड़ दिया।

भाजपा प्रत्याशी ने माया टंडन को 10 हजार 791 मतों से पराजित किया। चुनाव में खास यह रहा कि जिस दल का अध्यक्ष चुना गया वहां पर उसी दल के अधिकांश सभासद चुने गये।

जौनपुर नपा सीट पर पहले बसपा के दिनेश टंडन दो बार अध्यक्ष रहे। इसके बाद महिला सामान्य सीट होने के कारण उनकी पत्नी माया टंडन भी बसपा से दो बार अध्यक्ष रहीं। कुल 22 वर्षों तक इस परिवार का दबदबा रहा। भाजपा ने यह सीट जीतने के लिए तमाम कवायद की। मनोरमा मौर्या को प्रत्याशी बनाया गया। जबकि कांग्रेस ने दरख्शा खातून, सपा ने उषा जायसवाल और आप ने डा. चित्रलेखा पर दाव खेला। भाजपा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभा की। नतीजा बेहतर दिखा और भाजपा प्रत्याशी 10 हजार मतों से जीत गयीं।

शाहगंज नगर पालिका में कांटे का संषर्घ रहा। यहां भाजपा के ओम प्रकाश जायसवाल परिवार का तीन बार अध्यक्ष पद पर कब्जा रहा। पिछले चुनाव में गीता जायसवाल अध्यक्ष रहीं लेकिन पासा पलटा, जनता नाराज हुई और सपा की रचना सिंह पत्नी बंटी सिंह ने कांटे के संघर्ष पर 2558 मतों से उन्हें पराजित किया। गीता को 4965 मत मिले जबकि रचना को 7523 मत प्राप्त हुए हैं।

मुंगरा बादशाहपुर नगर पालिका की सीट वर्ष 2017 में भाजपा के कब्जे में थी। यहां पर पार्टी ने उम्मीदार बदला और कपिल मुनि में आस्था जतायी। जनता ने उन्हें जिताते हुए सीट बरकरार रखी। कपिल मुनि गुप्ता ने 9607 मत पाकर बसपा के मुहम्मद जफर को 4639 मतों से पराजित किया।

खेतासराय नगर पालिका में कांटे का संघर्ष रहा। खेतासराय में एक सौ के भीतर मतों से हार जीत के कारण कुछ देर तक स्थिति तनाव पूर्ण रही। री काउंटिंग करानी पड़ी है। अन्तत: सपा प्रत्याशी वसीम अहमद को जीत मिली।

वर्ष 2017 में तीन नगर पालिका और छह पंचायतों के लिए चुनाव हुआ था। जिसमें भाजपा को दो, सपा को तीन, निर्दल 2, बसपा एक और रालोद ने एक सीट पर कब्जा था।

इस बार के चुनाव में तीन नयी नगर पंचायतों गौराबादशाहपुर, रामपुर और कजंगाव में चुनाव हुए। यानि तीन नगर पालिकाओं समेत 9 नगर पंचायतों पर चुनाव हुए। इस चुनाव में गौरा बादशाहपुर की नयी सीट भाजपा के पक्ष में गयी। जबकि रामपुर, कजगांव नगर पंचायत अध्यक्ष पर निर्दलियों ने कब्जा किया है।

मड़ियाहूं नगर पंचायत का परिणाम सबसे पहले आया। यहां पर निर्दल प्रत्याशी रुखशाना कमाल फारुखी ने 6754 मत पाकर भाजपा की सोनी को 1498 मतों से पराजित किया और दोबारा सीट पर कब्जा कर लिया।

 

फाइल फोटो 

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com


0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने