आजमगढ़। मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर में शुक्रवार की रात करीब ढाई बजे एक किशोरी के साथ तीमारदार ने दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के विरोध करने पर उसने गला दबाकर पांच सौ रुपये देने का लालच दिया।
पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास रहे अन्य तीमारदार पहुंच गए। घटना को लेकर ट्रामा सेंटर में हंगामा होने लगा। इस बीच आरोपी वहां से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। झारखंड के रांची जनपद निवासी एक महिला रानी की सराय थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने आई है। बीस दिन पहले वह दुर्घटना में घायल हो गई थी। शहर के मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर में उसका उपचार चल रहा है। महिला की देखरेख के लिए उसकी 16 वर्षीया बेटी साथ रहती है। महिला के बेड के पास दूसरे बेड पर जीयनपुर थाना क्षेत्र शाहपुर गांव निवासी ताहिर भर्ती है। देखरेख के लिए उसका भाई जैद साथ रहता था। महिला ने बताया कि शुक्रवार की रात उसकी बेटी बेड के बगल नीचे फर्श पर सो रही थी। जैद अपने भाई के बेड के नीचे सो रहा था। रात करीब ढाई बजे ट्रामा सेंटर में भर्ती सभी मरीज और तीमारदार गहरी नींद में थे। तभी जैद किशोरी के पास पहुंच गया। उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। किशोरी ने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसका मुंह व गला दबा दिया। पांच सौ रुपये देने का लालच दिया। उसकी चंगुल से छूटकर किशोरी शोर मचाने लगी। इस पर उसकी मां समेत आसपास के तीमारदार व मरीजों की नींद खुल गई। तीमारदार किशोर के पास पहुंचे। इस बीच मौका पाकर आरोपी फरार हो गया। इसके बाद अस्पताल में लोगों ने हंगामा कर दिया। शनिवार को परिजनों ने घटना की तहरीर नगर कोतवाली में दी। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि आरोपी जीयनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी जैद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। साभार एचटी।
![]() |
सांकेतिक चित्र |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें