एटा। जिले में शनिवार की रात करीब आठ बजे छेड़छाड़ के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इसमें दो दरोगा और एक आरक्षी घायल हुआ। घायल दरोगा की ओर से 11 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने इनमें से तीन आरोपियों को रविवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया।
मामला राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के खैरपुरा गांव का है। गांव निवासी रतन कुमार उर्फ खंजन के खिलाफ छेड़छाड़ और अनुसूचित जाति उत्पीड़न के तहत मुकदमा दर्ज था। आरोपी के घर पर शनिवार की रात दबिश दी गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया लेकिन परिजन व ग्रामीणों ने पुलिस पार्टी पर हमला करके उसे छुड़ा लिया। इस हमले में उप निरीक्षक प्रवेश राणा के सिर में गंभीर चोट आई।
इन्हें रात में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पर पहुंचाकर इलाज कराया गया। जबकि रविवार सुबह दूसरे घायल दरोगा पुलकित शर्मा व आरक्षी उपेंद्र का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि पुलिस पार्टी पर हमला करने वाले रतन कुमार के भाई शिवरतन, प्रदीप उर्फ टिंकू और सुनील उर्फ सोनू को रविवार की सुबह करीब आठ बजे गांव के पास से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
खैरपुरा गांव निवासी रतन कुमार को पुलिस ने दबिश देकर पकड़ लिया था, लेकिन परिजन और ग्रामीणों ने छुड़ा लिया। रविवार को पुलिस पर हमला करने वाले तीन को पकड़ लिया गया लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस इसको पकड़ने के लिए जुटी हुई है। साभार ए यू।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें