गणपति बप्पा मोरया के जयकारें से गूंज उठा नगर,कई नामचीन हस्तियां अलग अलग दिनों में आकर करेंगे मनोरंजन

गणपति बप्पा मोरया के जयकारें से गूंज उठा नगर,कई नामचीन हस्तियां अलग अलग दिनों में आकर करेंगे मनोरंजन

जौनपुर। गणपति बप्पा मोरया...के जयकारें से समूचा नगर मंगलवार को गूंज उठा। जौनपुर के इतिहास में यह पहला अवसर है जब इतने बड़े पैमाने पर गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियां अलग अलग दिनों में आकर जनपद के लोगों का मनोरंजन करेंगी।

पहले दिन तिलकधारी महाविद्यालय के उमानाथ सिंह स्टेडियम में बनाए गए विशाल पंडाल में भगवान गणेश की विशालकाय प्रतिमा स्थापित कर पूजन किया गया। दिन ढलते ही कलाकारों की प्रस्तुति पर जनसमुदाय झूम उठा। लोग गायकों के साथ मैदान में थिरकते रहे।

दिन में करीब एक बजे पूजा बैठी। 12 फीट ऊंचे गणेश भगवान की प्रतिमा स्थापित करने के बाद काशी विश्वनाथ से आए जजमान श्रीकांत शर्मा ने पूजा करायी। मुख्य यजमान पूर्व डीआईजी कृपाशंकर सिंह व उनकी जीवन संगिनी प्रमिला सिंह, पुत्र अभिषेक सिंह आईएएस संरक्षण श्री गणपति पूजा महासमिति तथा जितेन्द्र सिंह ने मिलकर पूजा की। दो घंटे तक चले पूजन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बने अलग मंच से गणेश वंदना, नृत्य व भजन का कार्यक्रम शुरू हुआ। स्थानीय कलाकारों में गायक नितिन व मनीष डांस ग्रुप के कलाकारों ने प्रस्तुति दी।

देर शाम मंच पर पहुंचे मुम्बई के मशहूर गायक कलाकार जसवीर जस्सी, डीजे सुमित सेठी और शहबाज ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। खुद आयोजक अभिषेक सिंह भी कलाकारों के साथ थिरकते हुए नजर आए। कार्यक्रम में सुरक्षा की दृष्टि से यूपी पुलिस के सैकड़ों जवान व मुम्बई से बुलाए गए करीब 150 बाउन्सर सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। चन्दौली, गाजीपुर व जौनपुर की पुलिस फोर्स टीडी कालेज मैदान में चप्पे चप्पे पर तैनात रही। संचालन मुम्बई की दीक्षा सिंह व सलमान शेख ने किया। इस मौके पर सुबाष सिंह पहाड़ी पट्टी, रामआसरे विश्वकर्मा, राम अवध सिंह मास्टर, रामचन्द्र सिंह, अशोक सिंह टिसौरी समेत, सभासद बिट्टू अन्य लोग रहे।

बुधवार को मुम्बई फिल्मी जगत के गायिका अक्षरा सिंह, अमृता फड़नवीस, गायक हनी सिंह, श्रीकांत शिंदे, जायद खान अपनी कला का जलवा विखेरेंगे। कार्यक्रम का समापन गुरुवार को पूजन अर्चन व प्रसाद वितरण के साथ होगा।

भीड़ को देख बनाया गया दो प्रवेश द्वार

जौनपुर। तिलकधारी महाविद्यालय परिसर में आयोजित गणपति उत्सव में आने वाले कलाकारों को देख भारी भीड़ हो गयी थी। जिसका अंदाजा आयोजतकों को पहले से ही था। इसलिए पहले से ही टीडी कालेज के दोनों गेट के अलावा वाजिदपुर तिराहा से पहले बायी तरफ से भी रास्ता बनाकर आने जाने की व्यवस्था की गयी थी।

अलग अलग स्थानों पर की गयी थी पार्किंग

जौनपुर। लोगों के आने वाले वाहनों के लिए होर्डिंग व स्टैण्डी बनाकर अलग अलग जगहों पर रखी गयी थी। जिससे की लोग आसानी से पार्किंग कर सके। सुरक्षा में लगे जवानों के चलते लोगों को किसी तरह की मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ा।

शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में स्थापित हुई प्रतिमा

विधि विधान से मूर्तियों में कराई गई प्राण प्रतिष्ठा, दर्शन पूजन शुरू

जौनपुर। श्रीगणपति पूजा के लिए मंगलवार को सिद्धि विनायक भगवान गणेश की प्रतिमाएं जयकारे के साथ गाजे-बाजे सहित पूजा स्थलों पर स्थापित कर दी गईं। दोपहर 11:29 बजे से 1:24 बजे तक तथा शाम को 7:27 बजे से नौ बजे तक स्वाति नक्षत्र में कलश स्थापना, प्रतिमा स्थापना तथा मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। वैदिक रीति से प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूजन अर्चन शुरू कर दिया गया। 24 सितम्बर रविवार तक पूजन अर्चन के बाद 25 सितम्बर सोमवार को भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। कई समितियां 11 दिनों तक पूजन करने के बाद विसर्जन करती हैं। इसमें श्री गणपति संस्था मंशा माता मंदिर परमानतपुर शामिल है। यहां स्थापित प्रतमा का विसर्जन 29 सितम्बर को किया जाएगा।

श्री गणपति पूजा महासमिति से सम्बद्ध 68 समितियों में शहर में स्थापित 55 समितियों ने पंडाल सजाकर प्रतिमा स्थापित किया है। इसमें शहर में नव बाल तरंग संस्था अहियापुर, शिव शक्ति बाल गणेश संस्था ईशापुर, हनुमंतेश्वर शिवालय गणेश पूजनोत्सव रासमंडल, श्रीगणेश पूजन संस्था बदलापुर पड़ाव कटघरा, संकट मोचन गणपति पूजा समिति रुहट्टा, श्रीगणेश बाल संस्था दिलाजाक, श्री संकट मोचन गणपति पूजा रुहट्टा, श्री विनायकम गणेश पूजनोत्सव सिटी स्टेशन, मंगलम गणपति संस्था रुहट्टा समेत अन्य हैं। बाकी ग्रामीण इलाकों में गौराबादशाहपुर, सिकरारा, नेवढ़िया, जंगीपुर कला, जलालपुर, सिरकोनी, जफराबाद समेत अन्य कस्बों व गांवों में गणेश प्रतिमा स्थापित कर पूजन अर्चन शुरू किया गया है। साभार एचटी। 

फाइल फोटो 

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने