आगरा। आगरा के बरहन में घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म के आरोपित दारोगा संदीप कुमार के खिलाफ विवेचक ने शुक्रवार को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया। आरोप पत्र में विवेचक ने पीड़िता समेत 11 लोगों को गवाह बनाया है।
इससे दारोगा संदीप कुमार पर बुरी तरह शिकंजा कस गया है। उसकी नौकरी जा सकती है।
बरहन थाने में तैनात दारोगा संदीप कुमार 17 सितंबर की रात एक गांव में गया था। वहां घर में जबरन घुसकर युवती को धमकी देकर दुष्कर्म किया था। ग्रामीणों ने दारोगा को रंगे हाथों दबोचने के बाद पेड़ से बांध कर पिटाई की थी। गांव से लेकर थाने तक 17 घंटे हंगामा चला था। पुलिस आयुक्त ने दारोगा संदीप कुमार को निलंबित कर दिया था। उसके विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया था।
मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि
पीड़िता के चिकित्सीय परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। स्वजन की मांग पर मुकदमे की विवेचना बरहन से सैंया थाने स्थानांतरित की गई थी। पुलिस आयुक्त डा. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सैंया समरेश सिंह ने दारोगा संदीप कुमार के विरुद्ध 19 दिन में आरोप पत्र न्यायालय में पेश कर दिया है।
दारोगा को जेल से बाहर लिया डीएन का नमूना
आरोपित दारोगा संदीप कुमार को पुलिस ने शुक्रवार न्यायालय के आदेश पर जिला जेल बाहर निकाला। उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां डीएनए की जांच के लिए उसका नमूना लिया गया। इसके बाद दोबारा जेल में भेज दिया। डीएनए नमूना जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
विवेचक समरेश सिंह ने बताया कि चिकित्सीय जांच के समय स्लाइड सुरक्षित रखी गई थी।घटनास्थल से कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिली थीं। जिन्हें सील किया गया था। पीड़िता के वस्त्र भी प्रयोगशाला भेजे गए हैं। डीएनए जांच रिपोर्ट दारोगा के विरुद्ध वैज्ञानिक साक्ष्य होगी। फोरेंसिक लैब से रिपोर्ट आने पर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। साभार जेएनएन।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें