दो सगे भाइयों की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने 5 घंटे के भीतर मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

दो सगे भाइयों की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने 5 घंटे के भीतर मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

जौनपुर। खेतासराय कस्बा में मंगलवार की रात करीब नौ बजे दो सगे भाइयों की चाकू मारकर हत्या कर फरार छह आरोपियों को पांच घंटे के भीतर पुलिस ने मनेछा में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
इनमें से तीन गोली लगने से घायल हो गए हैं। सभी मनेछा के निवासी हैं। इनके पास से 315 बोर के तीन तमंचे, तीन खोखा व तीन कारतूस के साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ है।

खेतासराय के बभनौटी वार्ड निवासी अजय प्रजापति व उसका छोटा भाई अंकित प्रजापति घर से कुछ दूरी पर खुटहन रोड पर दुर्गा मंदिर के पास फास्ट फूड की दुकान चलाते थे। वार्ड के सभासद अमित सोनकर की बहन की शादी के लिए आजमगढ़ के उदयभानपुर, जबकि नाटे बिंद की पुत्री की शादी के लिए बरात खेतासराय के मनेछा गांव से आई थी। नाटे बिंद की पुत्री की बरात में शामिल कुछ बराती उनकी अजय की दुकान पर पहुंचकर शराब पीने लगे। मना करने पर कहासुनी के दौरान चाकू से हमला कर दोनों को मरणासन्न कर दिया। जिला अस्पताल में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

एसपी ने आरोप‍ियों की ग‍िरफ्तारी के ल‍िए गठ‍ित की चार टीमें

तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपितों के विरुद्ध बलवा, हत्या व गाली-गलौच की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसके बाद तुरंत पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दीं। टीमें ताबड़तोड़ छापेमारी करने लगीं। इसी दौरान सुराग मिला कि नामजद आरोपित मनेछा में मंदिर के पीछे मौजूद हैं। पुलिस टीम के घेराबंदी कर आत्मसमर्पण के लिए कहने पर आरोपित गोलियां चलाने लगे। तब पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली का जवाब गोली से दिया। इस दौरान मुकेश बिंद, नीशू बिंद व सतीश बिंद के पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। तीन अन्य आरोपितों विवेक बिंद, जगदीश उर्फ रामसिंह बिंद व अमरजीत बिंद को भी पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा।

घायलों को पुलिस उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया। गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में शाहगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आदेश त्यागी, थानाध्यक्ष खुटहन अरविंद कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सरपतहां विनोद कुमार सिंह, थानाध्यक्ष खेतासराय चंदन राय, एसआइ विजय शंकर यादव, महंगू यादव व उनके हमराही रहे।

विवाद चाउमिन की दुकान पर शराब पीने के दौरान की गई उल्टी की सफाई करने को लेकर हुआ था। मुठभेड़ में तीन घायल सहित सभी छह आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए। हत्या में प्रयुक्त चाकू व अन्य असलहे बरामद हुए हैं। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।- शुभम तोदी, सीओ शाहगंज। साभार जेएनएन।

फाइल फोटो 

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने