जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में एक युवक की ससुराल में मौत का मामला सामने आया है। घटना वाली रात युवक ने भाई को ऑडियो मेसेज भेजकर अपनी हत्या की आशंका जताई थी। मृतक के भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में पत्नी, ससुर, साली के खिलाफ नामजद व अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। मृतक के भाई पिंटू सिंह ने बताया कि बुलंदशहर जिले के अनौना गांव निवासी बंटी सिंह (38) की शादी 15 वर्ष पूर्व चंदवक थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में हुई। बंटी पिछले कई वर्षों से अपने ससुराल में ही रहता था। बुधवार को बंटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसके बाद ससुराल पक्ष ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इसकी जानकारी मृतक के घरवालों को नहीं दी गई। पिंटू सिंह ने बताया कि उसके भाई की मौत बुधवार की रात हुई ये जानकारी किसी गांव वाले ने शुक्रवार को उसे फोन से दी। इस पर शनिवार को पिंटू सिंह बुलंदशहर से चंदवक थाने पहुंचा तो उसने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या की गई है। इसके पीछे मृतक के ससुर, पत्नी, साली समेत गांव के कुछ अन्य लोग शामिल हैं। पिंटू ने बताया कि घटना की रात उसके भाई बंटी ने एक ऑडियो मेसेज भेजा था। इसमें उसने स्पष्ट रूप से कहा है किन-किन लोगों से उसे जान का खतरा है। चंदवक थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर ससुर उमाशंकर, पत्नी मैना, और साली मंजू समेत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। ऑडियो मैसेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जमीन बेचने पर मिले थे पांच लाख रुपये-ऑडियो में बंटी ने बताया था कि उसने कुछ महीने पहले जमीन बेची थी। इससे उसे 5 लाख रुपये मिले थे। इन्हीं पैसों को लेकर साजिश के तहत उसने अपनी हत्या की आशंका जताई थी। ऑडियो में बंटी ने यह भी कहा था कि यदि उसका फोन सुबह 10 बजे तक रिसीव न हो, तो उसकी तलाश शुरू कर दी जाए। इसी आधार पर पिंटू ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मृतक के ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर रही है। अन्य आरोपी घर से भाग गए हैं। बंटी सिंह के दो बेटे हैं। एक की उम्र सात साल और दूसरे की 10 साल बताई जा रही है।
भाई का नहीं उठ रहा था फोन -पिंटू ने बताया कि उसके भाई ने मरने से पहले उसके व्हाट्सएप पर जो संदेश भेजे थे, उसे वह शुक्रवार को देखा पाया। इसके पहले उसने व्हाट्सएप संदेश नहीं चेक किया था। इस बीच भाई का फोन नहीं उठ रहा था। गांव के व्यक्ति से उसके भाई की मौत की सूचना मिली थी।
हीलाहवाली कर रही थी पुलिस-पिंटू ने बताया कि अपने भाई की मौत की सूचना पर व शनिवार को सुबह चंदवक थाने पहुंचा। उस समय थाने में समाधान दिवस के अवसर जनसुनवाई चल रही थी। उसने पुलिस से मुकदमा दर्ज करने के लिए कहा तो पुलिस ने हीलाहवाली की और मुकदमा दर्ज नहीं किया। सीओ सिटी देवेश सिंह जब मौके पर पहुंचे तब पिंटू ने उनसे भी गुहार लगाई। शाम तीन बजे के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया।
अंत्येष्टि के दिन पहुंची थी पुलिस-मृतक के ससुराल पक्ष के एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जिस दिन बंटी की अंत्येष्टि के बाद पुलिस आरोपियों के घर पहुंची थी। हालांकि कुछ भी संदेहास्पद न मिलने के कारण वापस लौट आई थी। साभार ए यू।
![]() |
सांकेतिक चित्र |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें