समस्तीपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लगुनिया रघुकंठ गांव के गोरियारी टोला में शुक्रवार की देर रात पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को करंट लगाकर मार डाला।
मृत युवक की पहचान गांव के टुनटुन झा के पुत्र सोनू कुमार झा (30) के रूप में हुई।
वह टोटो चलाता था। उसके शरीर पर अलग-अलग जगहों पर जख्म के निशान थे। दाहिने हाथ में करंट लगाया गया था। दोनों आंखें और सिर पर गहरी चोट के निशान बने थे। स्वजन को शनिवार की अल सुबह घटना का पता चला।
सूचना पर थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह सदल बल पहुंचे। वहां का जायजा लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया। स्वजन ने सोनू की पत्नी पर शंका जताई। पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरी कहानी बयां की।
पुलिस ने सोनू के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर महिला को गिरफ्तार किया। जबकि, उसका प्रेमी फरार हो गया। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने जांच की है। सदर एसडीपीओ सह एएसपी संजय पांडेय ने भी मौके का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मिले तथ्यों पर पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है। घटना के पर्दाफाश को लेकर विशेष टीम का गठन किया गया है। जल्द ही पूरी कहानी स्पष्ट कर दी जाएगी। बताया गया कि सोनू देर रात टोटो चलाकर घर लौटा।
पत्नी अस्मिता झा (27) ने उससे विवाद शुरू कर दिया। दोनों के बीच हाथापाई हुई। बाद में प्रेमी गांव के ही हरिओम झा को बुलाकर मारपीट की। इसके बाद गला घोंट दिया। इससे भी जी नहीं भरा तो बिजली तार को उसके हाथ में बांधकर करंट लगा दिया।
शनिवार की सुबह सोनू के पिता जागे और घर के भीतर गए तो पुत्र को अर्द्धनग्न हालत में खून से लथपथ देखा। आनन-फानन में उसे उठाकर चिकित्सक के यहां ले गए। जहां मृत घोषित कर दिया गया। बताया कि घर के पिछले रास्ते से प्रेमी उसके घर में दाखिल हुआ।
बाद दोनों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया। प्रेमी घटना के बाद में उसी रास्ते से वापस लौट गया। उसने घर का पिछला दरवाजा आगे की तरफ से बंद कर दिया। सालभर पहले आरोपित हरिओम (25) ने अस्मिता के बच्चे को होम ट्यूशन देने शुरू किया था।
इसी दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ी और प्यार परवान चढ़ने लगा। कुछ दिनों पूर्व दोनों को सोनू ने रंगे हाथ रंगरेलियां मनाते पकड़ लिया था। तब से हरिओम का उसके घर आना-जाना बंद हो गया। हालांकि, दोनों का घर एक ही टोला में होने की वजह से खास असर नहीं पड़ा। साभार जेएनएन।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें