नैनीताल। नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महज 14 साल 10 महीने की किशोरी ने शुक्रवार सुबह बीडी पांडे जिला अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
किशोरी एक स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा है। पीड़िता के बच्ची को जन्म देने की जानकारी मिलने पर आरोपी भी अस्पताल पहुंच गया और मिठाई बांटने लगा। इधर, अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने आरोपी युवक को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे एक महिला अपनी नाबालिग बेटी को लेकर अस्पताल पहुंची। जांच में डॉक्टरों को पता चला कि किशोरी गर्भवती है। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। इस बीच किशोरी ने सामान्य प्रसव से बच्ची को जन्म दिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अल्मोड़ा जिले के शीतलाखेत का रहने वाला सूरज तीन साल पहले काम की तलाश में नैनीताल आया था और एक रेस्टोरेंट में काम करता है।
करीब दो साल पूर्व उसकी पहचान फेसबुक के जरिए किशोरी से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और आरोपी ने किशोरी का यौन शोषण किया, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। अस्पताल में किशोरी के बच्ची को जन्म देने की सूचना पर आरोपी भी पहुंच गया। सूत्रों के मुताबिक वहां मौजूद लोगों को मिठाई बांटने लगा। इसी बीच कोतवाल हेम पंत के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी सूरज को अस्पताल से दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा किया। साभार एचटी।
![]() |
सांकेतिक चित्र |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें