जमीन विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष,दर्जन भर घायल

जमीन विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष,दर्जन भर घायल

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के चकनवाबाद जंगल शिवपुर में बुधवार की दोपहर भूमि विवाद को लेकर खूनी संघर्ष में दो पक्षों के 12 लोग घायल हो गए। इनमें एक पक्ष के नौ जबकि दूसरे पक्ष के तीन हैं। इस दौरान तीन मड़हे भी फूंक दिए गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर लेकर कार्रवाई में जुटी है। 

राम आसरे पाल व राजाराम के बीच काफी समय से भूमि विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि राम आसरे पाल विवादित भूमि पर निर्माण कराने लगे। राजाराम पाल पक्ष के मंतोष पाल ने एतराज किया। इसी को लेकर दोनों पक्षों में शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। दोनों पक्ष पत्थरबाजी करने के साथ ही एक दूसरे पर लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर टूट पड़े।
मारपीट में एक पक्ष के राम आसरे पाल, संजीव पाल, दशरथ पाल, भूखला, दल सिगार, लीलावती, सोनी पाल पत्नी प्रदीप पाल, शुभम पाल, रीता पाल जबकि दूसरे पक्ष के राजाराम पाल, मंतोष पाल व संतोष पाल घायल हो गए। मारपीट के दौरान ही आगजनी में दोनों पक्षों के दो-दो रिहायशी मड़हे फूंक दिए गए। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। ।  
थानाध्यक्ष ने बताया कि मारपीट में शामिल फरार आरोपितों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने