फर्जी जाति प्रमाणपत्र लगाकर चुनाव जीतने वाले अपने पद से होंगे वंचित

फर्जी जाति प्रमाणपत्र लगाकर चुनाव जीतने वाले अपने पद से होंगे वंचित

लखनऊ । फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर आरक्षण कोटे का लाभ लेते हुए चुनाव जीतने वाले पंचायत प्रतिनिधि अब ज्यादा दिन अपने पद पर बने नहीं रह पाएंगे। ऐसे मामलों की जांच अब तेजी से की जाएगी और अगर फर्जी जाति प्रमाणपत्र लगाकर चुनाव जीतने का मामला सही पाया गया तो ऐसे पंचायत प्रतिनिधियों का चुनाव निरस्त करवाया जाएगा।

इस बारे में प्रमुख सचिव समाज कल्याण के.रवीन्द्र नायक ने निर्देश भी जारी किये हैं। निर्देश में कहा गया है कि ग्राम, क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख के आरक्षित पदों पर फर्जी जाति प्रमाणपत्र लगाकर चुनाव जीतने के मामले में आने वाली शिकायतों का निस्तारण अब जिला स्तर पर अधिकतम डेढ़ महीने में किया जाएगा।
मंडल स्तर पर ऐसे मामले में अगर अपील दर्ज होती है तो उसका निस्तारण एक महीने में किया जाएगा। चुनाव याचिका को भी ज्यादा से ज्यादा तीन महीने में निस्तारित करने के लिए कहा गया है। ऐसे मामलों में तहसील से फर्जी प्रमाणपत्र जारी करने वाले अफसरों और कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।साभार एचटी।

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने