मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरा पोस्ट कार्ड पीएम अभियान की शुरुआत की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरा पोस्ट कार्ड पीएम अभियान की शुरुआत की

वाराणसी । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह से एक के बाद कई कार्यक्रमों में हुए शामिल।

सबसे पहले ‘मेरा पोस्टकार्ड पीएम’ अभियान की शुरुआत की। इसके बाद सिगरा स्थित संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे। यहां कोविड टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ किया और ‘टीका एक्सप्रेस’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद प्रदेश में पहली बार आयोजित चार दिवसीय नेशनल दिव्यांग टी-20  क्रिकेट टूर्नामेंट 2021 के समापन समारोह के अवसर पर आयोजित  कार्यक्रम में  पुरस्कार वितरण किया।
इस मौके पर उन्होंने चयनित लोगों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण भेंट किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की हार्दिक बधाई के साथ-साथ विजयादशमी की अग्रिम शुभकामनाएं दी। दिव्यांग जनों का हौसला अफजाई किया। साथ ही कई बड़े एलान किए। उन्होंने कहा कि काशीवासियों का सौभाग्य है कि 2014 और  2019 में काशी ने देश को प्रतिनिधि दिया।
सीएम योगी ने नेशनल दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2021 के विजेता साउथ जोन व उपविजेता नार्थ जोन को पुरस्कार स्वरूप ट्रॉफी एवं नगद धनराशि स्वरूप डेमो चेक वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांग जनों को 175 ट्राई साइकिल, 30 व्हीलचेयर, 39 कान की मशीन, 31 आईडी किट, 20 ब्रेल किट, 10 स्मार्ट केन, 10 छड़ी, 20 बैसाखी एवं 11 कैलीपर सहित कुल 345 कृत्रिम अंग एवं उपकरण वितरित किए। सिगरा स्टेडियम में सीएम योगी ने कोविड टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ किया। ‘टीका एक्सप्रेस” वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के निर्देशन व सहयोग से केयर इंडिया की ओर से कोविड टीका एक्सप्रेस चलायी गई है। शहर में दो स्थानों पर मेगा कोविड टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। बनारस में 20 कोविड टीका एक्स्प्रेस का संचालन होगा।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के रूप में सेवा के 20 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने पीएम  के स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। कहा कि उनका यशस्वी मार्गदर्शन व नेतृत्व लंबे समय तक इस देश को मिलता रहे।
सीएम योगी ने दिव्यांग जनों को हौसला बढ़ाया। कहा कि आपने अपनी दिव्यांगता को खेल के सामने बाधा नहीं बनने दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के सेवा के 20 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से सात अक्तूबर तक सेवा समर्पण कार्यक्रम शुरू किया गया है। उसी क्रम में नेशनल दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2021 का आयोजन हुआ, जो अद्भुत है।
सीएम योगी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि टोक्यो पैरालंपिक में भारत से 54 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। जिसमें 5 स्वर्ण, 8 रजत एवं 6 कांस्य सहित 19 पदक खिलाड़ियों ने जीते। इन सभी खिलाड़ियों को “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना को आगे बढ़ाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को आगे बढ़ाने में उनके योगदान के लिए उत्तर प्रदेश सरकार शीघ्र ही उनका सम्मान करेगी और एक बड़ी धनराशि भी देगी। इसके लिए उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री अनिल राजभर को विशेष आयोजन की तैयारी करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकलांग की जगह दिव्यांग शब्द दिया। विगत 7 वर्ष में देश के अंदर दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरित करने के अनेकों कार्यक्रम आगे बढ़े। कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरण का कार्यक्रम जनपद स्तर पर अलग-अलग राज्यों में लगे। देश की आजादी के बाद इतने बड़े व्यापक पैमाने पर यह कभी नहीं लगा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार 10 लाख से अधिक दिव्यांग जनों को पेंशन दे रही है। पेंशन की धनराशि बढ़ाने का भी कार्य वर्तमान सरकार ने किया। दिव्यांग जनों को शासन की सुविधाएं प्राप्त हो और उन्हें सुविधा हर हाल में मिलनी चाहिए। दिव्यांग जनों की शादी-विवाह के लिए सरकार सहयोग करती है। उन्हें हर प्रकार से प्रोत्साहित करती है।

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने