मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दावा,हमने साढ़े चार साल में साढ़े चार लाख युवाओं को पूरी ईमानदारी से दी नौकरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दावा,हमने साढ़े चार साल में साढ़े चार लाख युवाओं को पूरी ईमानदारी से दी नौकरी

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को प्रदेश के छह करोड़ युवाओं को भाजपा से जोड़ने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं पर सभी दल दावा करेंगे। तब मोर्चा कार्यकर्ताओं को सपा, बसपा और भाजपा सरकार का फर्क समझाना है। हमने साढ़े चार साल में साढ़े चार लाख युवाओं को पूरी ईमानदारी से नौकरी दी। सपा-बसपा की सरकारें सिर्फ परिवार और अपना घर बनने तक सीमित थीं।

योगी ने यह बातें शुक्रवार को इंदिरा गांधी शांति प्रतिष्ठान में युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के समापन सत्र में कहीं। उन्होंने ने कहा कि अगले छह साल प्रदेश के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। यूपी जनसंख्या में पहले नंबर पर है तो हमें इसे देश की नंबर-एक अर्थव्यवस्था भी बनाना है। ऐसा होने पर प्रति व्यक्ति आय खुद बढ़ेगी। यूपी ने इस दिशा में बड़ी छलांग लगाई है। छठवें से हम दूसरे नंबर पर आ चुके हैं। 15 साल तक यूपी की पहचान मिटाने का कुचक्र रचा गया मगर हमारी साढ़े चार साल की सरकार में अब प्रदेश बदल चुका है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि आप लोग ही कल के अटल बिहारी, दीन दयाल उपाध्याय और मुखर्जी हो। दूसरी ओर सपा-बसपा की सोच केवल प्रदेश को लूटने वाली है। आगाह किया कि कभी भ्रष्टाचार और जातिवाद के आरोप न लगें। बड़ी गाड़ियों में बैठकर मलिन बस्तियों में जाने से काम नहीं बनेगा। संकल्प लें कि किसी भाजपा कार्यकर्ता की बुराई नहीं करनी है। प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने कहा कि युवा जोश, युवा ऊर्जा ही 21वीं सदी में हमारे देश की प्रगति का आधार है।
सपा सरकार में था सिर्फ अपने विकास पर जोर: सूर्या
मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि योगी सरकार में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का नारा साकार हो रहा है। सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश सरकार में भाईजान का साथ, मियां का विश्वास और अपना विकास का नारा फलीभूत हो रहा था। कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक, हर हिन्दू जनमानस के मन में था कि अयोध्या में राम मंदिर बने। आज भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। आज यूपी में मुख्तार सहित तमाम माफिया जेल की सलाखों के पीछे हैं और प्रदेश विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। सूर्या ने कहा कि हाथी थक चुका है। साइकिल पंचर हो चुकी है तो बस कमल ही खिलेगा। उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसा दल है, जिसमें युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। किसी परिवार की पार्टी नहीं है। उन्होंने सिलसिलेवार पार्टी नेताओं के उदाहरण गिनाए कि कैसे वो एक सामान्य कार्यकर्ता से उच्च पदों तक पहुंचे।
मोदी-योगी ने दिलाया युवाओं को सम्मान: प्रांशु
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि मोदी सरकार में देश बदल रहा है। मोदी और योगी सरकार ने युवाओं को सम्मान दिलाया है। अब कांवड़ यात्रा रोकी नहीं जाती, उस पर पुष्प वर्षा होती है। बैठक में युवा मोर्चा के प्रभारी व विधायक पंकज सिंह, सह प्रभारी सुभाष यदुवंश, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, हर्षवर्धन सिंह समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने