जौनपुर । महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री वरिष्ठ भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह की मेहनत आखिरकार रंग लाई। कानून व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील तेजी बाजार में जिले का 29 वां पुलिस थाना स्थापित होगा।
कृपाशंकर सिंह के निरंतर प्रयास के चलते प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बुधवार को इसे स्वीकृति प्रदान कर दी। उन्होंने पुलिस महानिदेशक व अपर पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
बक्शा व महराजगंज थाने की सीमा पर स्थित तेजी बाजार कानून व्यवस्था की दृष्टि से अति संवेदनशील है। फिलहाल बाजार में शांति व्यवस्था के लिए सिर्फ छोटी सी पुलिस चौकी है। पुलिस को कंधी घाट से लेकर बहुत बड़े क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए के लिए असामाजिक तत्वों पर नजर रखना और निबटना बेहद चुनौतीपूर्ण काम रहा। कृपाशंकर सिंह का पैतृक गांव सहोदरपुर इसी क्षेत्र में है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर तेजी बाजार में पुलिस थाना स्थापित किए जाने की मांग की थी। पुलिस स्टेशन को शासन से मंजूरी मिलने की जानकारी होते ही उन्होंने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। मालूम हो कि कृपाशंकर सिंह जिले के विकास को निरंतर सक्रिय रहे हैं। गौरतलब है कि पूर्व में उन्होंने प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल मोतीलाल वोरा से मिलकर कंधी घाट पर पुल का निर्माण कराया था। उन्हीं के प्रयास से सई नदी पर श्रीबाबा बोझनाथ घाट पर पुल, शहर में जगदीशपुर व नईगंज में दो फ्लाईओवर, मछलीशहर से लेकर उसरा बाजार तक फोरलेन रोड को मंजूरी मिली है। उन्होंने इसके लिए जनपदवासियों की तरफ से केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार माना है। जन्मभूमि व कर्मभूमि को मां और मौसी का दर्जा देने वाले कृपाशंकर सिंह अब जन्मभूमि के विकास की दिशा में समर्पित भावना से अथक परिश्रम कर रहे हैं। साभार जेएनएन।
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें