जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भदेठी गांव निवासी वृद्ध की सीमावर्ती जिले आजमगढ़ के सोनहरा गांव में मंगलवार की रात धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हत्या को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। दोनों थानों की पुलिस घटना की गहन छानबीन में जुटी है।
भदेठी गांव के 60 वर्षीय पेशे से किसान मुश्ताक अहमद का गांव से सटे बरदह थाना क्षेत्र के सोनहरा गांव में खेत है। शाम करीब चार बजे मुश्ताक अहमद खेत की सिचाई करने अपनी पाही पर साइकिल से इंजन का पट्टा लेकर गए थे। करीब नौ बजे तक नहीं लौटे तो स्वजन उनकी तलाश करते खेत पर पहुंच गए। खेत में उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उनकी हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई थी। साइकिल पास में ही खड़ी थी और पट्टा उसी में बंधा हुआ था।
घटना की जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया। स्वजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सरायख्वाजा व बरदह थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में स्वजन हत्या का कारण नहीं बता सके। मृत मुश्ताक के पुत्र अशफाक अहमद की तहरीर पर बरदह थाना पुलिस ने अज्ञात हत्यारोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीधे-सादे मुश्ताक अहमद की गांव में किसी से भी किसी तरह की रंजिश नहीं थी। ऐसे में सबसे बड़ी पहेली यही बन गई है कि उनकी हत्या किसने और क्यों की। इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। दोनों थानों की पुलिस हर एंगल से छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही कातिल को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया जाएगा।
सांकेतिक चित्र |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें