प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया खुलासा

प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया खुलासा

झांसी । गरौठा में मारे गए युवक भान सिंह की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसकी पत्नी को प्रेमी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि भान सिंह की हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई।

पुलिस ने आला कत्ल भी बरामद कर लिया है।
एसपी (आरए) नैपाल सिंह ने बताया कि गरौठा के सुभाष नगर निवासी भान सिंह यादव (42) पुत्र बसोरे के अपहरण की आशंका जताते हुए उसकी पत्नी अनीता ने 26 अप्रैल को गरौठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने भान सिंह को खोजना शुरू किया। 29 अप्रैल को उसकी लाश करौखर रोड पर नहर पुलिया के पास मिली। उसकी लाश सड़ चुकी थी।
पुलिस ने गांव वालों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के बाद सबसे पहला शक पुलिस को भान सिंह की पत्नी अनीता पर ही हुआ। पुलिस ने अनीता का सीडीआर खंगाला। मालूम चला कि हमीरपुर के मझगवां गांव निवासी रंजीत यादव पुत्र रघुवीर से अनीता की दिन में कई बार बात होती है। रंजीत के सीडीआर खंगालने पर उसकी लोकेशन 24 मई को करौखर रोड पर मिली। पुलिस ने रंजीत को उठाकर पूछताछ की, तब उसने पूरा राज उगल दिया।

रंजीत ने पुलिस को बताया कि भान सिंह छोटा मोटा काम करता था, जबकि पत्नी चाय की दुकान चलाती है। करीब चार साल पहले उसके अनीता से अवैध संबंध बन गए थे। यह बात भान सिंह को मालूम चल गई। इस वजह से अनीता और भान सिंह की रोजाना लड़ाई होने लगी। दोनों ने मिलकर भान सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसने बताया कि 24 अप्रैल को अनीता ने भूसा खरीदने के बहाने भान सिंह को रंजीत के दोस्त रघुवीर के साथ भेज दिया। यहां रंजीत पहले से मौजूद था। रंजीत ने साथी के साथ मिलकर भान सिंह की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए। अपने ऊपर शक न होने देने के लिए अनीता ने थाने में जाकर एफआईआर दर्ज करा दी।

रंजीत की निशानदेही पर पुलिस ने आला कत्ल भी बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। एसपी (आरए) के मुताबिक अनीता एवं रंजीत पर आईपीसी की धारा 302, 201 एवं 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज करके उनको जेल भेज दिया गया है।

पकड़े गए दोनों आरोपी

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने