उपचुनाव से पहले सपा को लगा बड़ा झटका,सपा के पूर्व विधायक बीजेपी में शामिल

उपचुनाव से पहले सपा को लगा बड़ा झटका,सपा के पूर्व विधायक बीजेपी में शामिल

आजमगढ़ । लोकसभा उपचुनाव से पहले सपा के गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ में भाजपा ने सेंधमारी कर दी है। सपा के पूर्व विधायक और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रामदर्शन यादव भाजपा में शामिल हो गए हैं।

पूर्व विधायक ने योगी सरकार के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह की मौजूदगी में शनिवार को खुले मंच से इसका एलान भी कर दिया। रामदर्शन यादव के भाजपा का दामन थामने के बाद मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने मेंहनगर विधानसभा में आयोजित जनसभा में उनको पार्टी की सदस्यता भी दिलाई। बतादें कि रामदर्शन यादव काफी समय तक सपा के जिलाध्यक्ष रहे। इसके बाद भाजपा में चले गए। कुछ माह बाद उन्होंने प्रसपा ज्वाइन कर लिया। लेकिन शनिवार को पुन: अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

सपा करती है जातिवाद की राजनीति : स्वतंत्र देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी जातिवाद की राजनीति करती है। जबकि भाजपा विकास की बात करती है। अखिलेश यादव को आजमगढ़ से कोई लेना-देना नहीं है। यही कारण है कि उन्होंने यहां की संसदीय सीट को छोड़ दिया। मेंहनगर विधानसभा क्षेत्र के रानीपुर रजमो गांव में शनिवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव ने कहा कि आजमगढ़ दत्तात्रेय, दुर्वासा और चन्द्रमा ऋषि की तपोस्थली है। लेकिन सपा शासन में यहां की पहचान आतंकियों, गुंडों और माफियाओं के नाम से होने लगी थी। इसका दंश जिले के युवकों को दूसरे शहरों में जाने पर भुगतना पड़ता था। भाजपा ने उस कलंक को धोने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि जिले के लोगों ने प्रदेश को दो मुख्यमंत्री दिए और बाद में मुख्यमंत्रियों को सांसद बनाया, ताकि जिले का विकास होगा, लेकिन दोनों नेता जनता की उम्मीद पर खरा नहीं उतरे। उन्होंने कहा कि सपा ने हमेशा जातिवाद, वंशवाद, भ्रष्टाचार, अनाचार, दुराचार की राजनीति किया है। यदि इस बार निरहुआ को अवसर मिला तो वह गुंडो और बदमाशों के लिए तोप बन जाएंगे। साभार एचटी।

फाइल फोटो

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने