एक ऐसा संत जिसके आगे तमाम हस्तियां झुकाती थीं सिर, सेक्स सीडी लीक हुआ तो देश छोड़कर भागे बाबा

एक ऐसा संत जिसके आगे तमाम हस्तियां झुकाती थीं सिर, सेक्स सीडी लीक हुआ तो देश छोड़कर भागे बाबा

राजशेखर उर्फ स्वामी नित्यानंद। कहानी बेहद दिलचस्प है। मूल रूप से तमिलनाडु के थिरुनामलाई के रहने वाले राजशेखर ने दावा किया कि उसे 12 साल की उम्र में आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त हो गया है और वे दुनिया को रास्ता दिखाएगा।

राजशेखर ने अपनी पुरानी पहचान त्याग दी और नया नाम रखा स्वामी नित्यानंद। स्वयंभू स्वामी नित्यानंद अक्सर अपने धार्मिक-आध्यात्मिक कार्यों से इतर चर्चा में रहा। कभी सेक्स सीडी सामने आई तो कभी भक्तों से यौन शोषण का आरोप लगा।

साल 2010 में बाबा की एक सेक्स सीडी से सनसनी मच गई थी। लीक वीडियो में बाबा नित्यानंद साउथ की एक मशहूर अभिनेत्री के साथ आपत्तिजनक हालत में दिखाई दे रहा था। इस मामले में बाबा के ऊपर केस भी दर्ज हुआ था, लेकिन गिरफ्तारी के डर से वो फरार हो गया। कुछ समय बाद ही बाबा को कर्नाटक पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के सोलन से पकड़ा था।

नित्यानंद ने कहा- गाय को सीखा सकते हैं संस्कृत

नित्यानंद अपने बेतुके दावों को लेकर भी चर्चा में रहा। साल 2019 में एक वीडियो जारी कर कहा था कि वह किसी भी जानवर से तमिल और संस्कृत बुलवा सकता है। एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान नित्यानंद ने कहा था कि गाय, शेर और बंदर या किसी भी जानवर को वे संस्कृत भाषा सीखा सकते हैं। सभी जानवर इसी भाषा में इंसानों के साथ बात भी कर पाएंगे।

उसने दावा किया था कि जानवरों के पास इंसानों की तरह ऑर्गन नहीं होते हैं। इसलिए वह ऐसा अंग बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जिससे जानवर भी इंसानों से बात कर सकें। दावा यह भी किया था कि जानवरों से बात करने के लिए एक सॉफ्टवेयर भी तैयार कर लिया है।

नित्यानंद पर लग चुके हैं कई आरोप

नित्यानंद की वेबसाइट nithyananda.org के मुताबिक उसके 40 से ज्यादा आश्रम हैं। विवादों से भी चोली-दामन का रिश्ता रहा है। साल 2019 में तमिलनाडु के एक दंपति ने गुजरात उच्च न्यायालय का रुख करते हुए आरोप लगाया गया था कि उनके बच्चों को अहमदाबाद में नित्यानंद के आश्रम में अवैध रूप से बंद करके रखा गया था।

इसी तरह, साल 2010 में नित्यानंद की कथित सीडी सामने आई तो सफाई देते हुए अपने आपको नपुंसक बता दिया था और कहा था कि वह केवल 'शवासन का अभ्यास' कर रहा था। इसी तरह साल 2012 में एक अमेरिकी महिला ने आरोप लगते हुए कहा था कि नित्यानंद ने पांच साल तक उसके साथ दुर्व्यवहार किया था।

सिनेमा से सियासत के दिग्गज रहे हैं भक्त

नित्यानंद के भक्तों में सिनेमा से लेकर सियासत तक की हस्तियां शामिल रही हैं। जनवरी 2011 में अभिनेत्री जूही चावला मुंबई से बेंगलुरु के नजदीक स्थित उसके आश्रम पहुंची थीं और चार दिन वहां रुकी भी थीं। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो जूही, अपने भाई के लिए नित्यानंद का आशीर्वाद लेने आई थीं। उस दौरान जूही चावला का भाई कोमा में था। जूही के साथ तब वहां कन्नड अभिनेत्रियां मालविका अविनाश और रंजीता भी मौजूद थीं।

नित्यानंद की जन्म तारीख भी विवादित

नित्यानंद दावा करता रहा है कि उसने बचपन से योग, तंत्र, वेदांत और शैव दर्शन का अध्ययन किया है। इसके अलावा रामकृष्ण मठ में शिक्षा हुई है। नित्यानंद के जन्म की तारीख भी विवादित है। 2003 में अमेरिका का वीजा लेते समय अपनी जन्मतिथि 13 मार्च 1977 बताई थी। जबकि, कर्नाटक हाईकोर्ट को दिए गए हलफनामे में जन्मतिथि एक जनवरी 1978 बताई गई है। कहा जाता है कि नित्यानंद का मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ली गई डिप्लोमा भी फर्जी है।

हिंदुस्तान से भागकर बनाया अलग देश, नाम रखा 'कैलासा'

साल 2019 में नित्यानंद अपराधी घोषित होने के बाद फरार हो गया और भारत से लगभग 16 हजार किलोमीटर दूर इक्वाडोर के नजदीक अपना अलग 'देश' बना लिया, जिसका नाम रखा 'कैलासा' और इसके एकमात्र हिंदू राष्ट्र होने का दावा किया था। उसकी वेबसाइट के मुताबिक नित्यानंद ने कैलासा में कैबिनेट के साथ कई विभागों का भी गठन किया है। नित्यानंद ने अपने इस कथित देश का एक झंडा भी जारी किया था, जो त्रिकोण आकार का है। झंडे पर उसकी खुद की भी तस्वीर है। आपको बता दें कि दक्षिण अमेरिका में त्रिनिदाद और टोबैगो, इक्वाडोर समेत कई ऐसे द्वीपीय देश हैं, जहां कोई भी निजी तौर पर द्वीप खरीद सकता है। साभार जनसत्ता।

नित्यानंद, फाइल फोटो

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने