जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के नारायणपुर गांव में मंगलवार की रात एक बरात में डीजे पर नाचने को लेकर घराती और बरातियों में मारपीट हो गई। इसी दौरान किसी ने तमंचे से फायरिग कर दी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के पहुंचने के बाद उत्पाती फरार हो गए। मौके की नजाकत को देखते हुए विवाह संपन्न होने तक पुलिस मौजूद रही। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक तमंचा लिए हुए दिख रहा है।
चंदकव के देवार गांव से बरात नारायणपुर गांव में आई थी। द्वारचार के समय डीजे बज रहा था, जिस पर बराती और घराती नाच रहे थे। इसी दौरान किसी विशेष गाने पर नाचने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि किसी ने तमंचे से फायरिग कर दी। इसके बाद बरात में आए बच्चे एवं महिलाएं गांव के एक घर में जाकर छिप गई। जानकारी होते ही दारोगा अटल बिहारी मिश्र मयफोर्स पंहुचे। पुलिस को देखते ही उत्पाती युवक फरार हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विवाह संपन्न कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बराती और घराती के बीच विवाद हुआ था। साभार जेएनएन।
![]() |
सांकेतिक चित्र |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें