हरदोई । आजादनगर मुहल्ले में किराए के मकान में रह रहे युवक की गुरुवार की रात उसकी पत्नी ने ही मुंह दबाकर हत्या कर दी और बीमारी से मौत का नाटक बनाया। शुक्रवार की सुबह पहुंचे मृतक के पिता ने बहू पर हत्या का आरोप लगाया।
मृतक की पत्नी और उसके मायके वाले तो बीमारी से मौत की बात कहते रहे, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के मैकपुर निवासी योगेंद्र कुमार सिंह मेहनत मजदूरी करते थे। करीब 12 वर्ष पहले उन्होंने सविता से शादी की थी। सविता पहले से ही शादीशुदा थी और अपनी तीन पुत्रियों को लेकर योगेंद्र सिंह के साथ रहने लगी। योगेंद्र के दो पुत्रियां व एक और पुत्र हुआ। कुछ वर्ष पहले वह सविता के साथ ही सभी छह बच्चों को लेकर आजादनगर मुहल्ले में रामसिंह के मकान में किराए पर रहने लगा था।
जैसा कि उसके पिता सुभाष सिंह ने बताया कि योगेंद्र सिंह किराए पर ई-रिक्शा चलाने लगा था। एक माह पहले ही उसने नया ई-रिक्शा खरीदा था और उसी को चलाता था। गुरुवार की रात योगेंद्र परिवार के साथ घर पर ही था। आधी रात बाद सविता ने अपने भाई को फोन कर योगेंद्र की बीमारी से मौत हो जाने की बात बताई, लेकिन उसके सीने पर नाखून के निशान थे, जिससे कोई बीमारी से मौत मानने को तैयार नहीं हो रहा था।
सुभाष सिंह ने आरोप लगाया कि सविता, संपत्ति की खातिर अपने पहले पति को छोड़कर आई थी और आए दिन उसके पुत्र से भी झगड़ा करती रहती थी। गुरुवार की रात अपने मायके वालों के साथ मिलकर उसके पुत्र की हत्या कर दी। कोतवाल संजय कुमार पांडेय ने बताया कि सुभाष सिंह ने अपनी बहू सविता पर हत्या का आरोप लगाया है, जिन लोगों के खिलाफ तहरीर दी जाएगी। उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई होगी। साभार जेएनएन।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें