जौनपुर। जिले से डिलीवरी के लिए बोलेरो बुक कर वाहन स्वामी का अपहरण करने वाले पांच बदमाशों को लालगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के पास से तीन तमंचा, चाकू बरामद हुआ।
बदमाशों ने तमंचे की मुठिया से वाहन स्वामी के सिर पर प्रहार कर जख्मी कर उसी वाहन में रखा था।
सोमवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि लालगंज थानाध्यक्ष रामनारायन राम रविवार की रात अपने हमराहियों के साथ गश्त पर निकले थे। तभी मुखबीर से सूचना मिली कि अतरैला गांव के पास एक संदिग्ध सफेद रंग की बोलेरो में कुछ व्यक्ति सवार हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख चालक वाहन लेकर भागने लगा। बोलेरो चालक ने पुलिस को कुचलने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर बोलेरो को पकड़ लिया।
बोलेरो सवार पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर बोलेरो की सीट पर एक व्यक्ति खून से लथपथ, मुंह गमछा से बंधा हुआ पड़ा था। पुलिस जख्मी व्यक्ति का उपचार कराया। जख्मी व्यक्ति वाहन स्वामी निकला। जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के हरीपुर गांव निवासी दुर्गा प्रसाद दुबे है। दुर्गा प्रसाद ने बताया कि 12 नवबंर की शाम पांच व्यक्ति उसके घर आए और डिलीवरी के लिए हॉस्पिटल जाने के लिए वाहन को बुक कराया। बीच रास्ते में वाहन को रोकवाकर उसके सिर पर तमंचे की मुठिया से प्रहार कर जख्मी कर दिया। वाहन की चाबी व मोबाइल छीन लिए। मोबाइल को स्विच ऑफ कर दिया।
वाहन स्वामी की पत्नी ममता दुबे ने पति के अपहरण का मुकदमा जौनपुर के सुजानगंज थाने पर दर्ज कराया था। लालगंज पुलिस ने अभियुक्त जौनपुर के महराजगंज थाना क्षेत्र के लोहरिया गांव निवासी सूरज, बरहूपुर निवासी अनुराग चतुर्वेदी उर्फ भोदू, गोनालपुर निवासी संदीप बिंद, लोहरिया निवासी कृष्णकांत पांडेय व प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के कोपा निवासी विनोद उर्फ नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। अभियुक्तों के पास से तीन तमंचा, चार कारतूस, चाकू व बोलेरो बरामद हुई। साभार एचटी।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें