आजमगढ़। जिले की MP/MLA कोर्ट ने वकील राज नारायण सिंह हत्याकांड में पूर्व मंत्री अंगद यादव समेत 4 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। गैंगस्टर के एक अन्य मामले में चारों को 7-7 साल की सजा और 10-10 हजार का जुर्माना भी लगाया है। अंगद यादव निजामाबाद विधानसभा सीट से कई बार विधायक चुने गए हैं। बसपा सरकार में वह मंत्री भी थे।
राज नारायण पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
राज नारायण सिंह सम्मोपुर थाना सिधारी के रहने वाले थे। 19 दिसंबर 2015 की सुबह वह टहलने के लिए घर से निकले थे। पल्हनी ब्लाक मुख्यालय के सामने घात लगा कर बैठे शूटरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। मौके पर ही राज नारायण सिंह की मौत हो गई थी।
![]() |
राजनारायण सिंह, फाइल फोटो |
हत्याकांड में उनकी पत्नी सुधा सिंह ने पूर्व मंत्री अंगद यादव, अपने पट्टीदार सुनील सिंह को नामजद किया था। पुलिस की जांच में शूटर के रूप में सरफूद्दीनपुर मुहल्ला निवासी अरूण यादव और शैलेश यादव का नाम सामने आया था। पूर्व मंत्री समेत सभी आरोपी वर्तमान में जेल की सलाखों के पीछे हैं।
बेटी की शादी को लेकर हुआ था विवाद
अंगद यादव और राज नारायण सिंह बहुत करीबी थे। राज नारायण ने ही अंगद यादव की बेटी का विवाह मुंबई के संपन्न परिवार में कराया था। बाद में लड़की के व्यवहार से परिवार वाले खुश नहीं थे। विदाई कराने के लिए अंगद के समधी राम दुलार यादव ने मुकदमा दर्ज कराया था। कोर्ट के निर्देश पर विदाई हुई थी। विदाई के बाद मुंबई गई फिर वापस लौट आई। इस मुकदमे को वापस लेने के लिए अंगद यादव ने राज नारायण सिंह पर दबाव बनाया था और अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी थी।
6 जनवरी को कुर्क हुई थी 40 लाख से अधिक की संपत्ति
आजमगढ़ जिला प्रशासन ने हत्या के मामले में अंगद यादव की 40 लाख से अधिक की संपत्ति को कुर्क किया है। अंगद यादव पर अपराध जगत से अर्जित धन से संपत्ति बनाने का आरोप है। जो संपत्ति कुर्क की गई उसमें मूसेपुर का मकान और एक बाइक है।
अंगद यादव के खिलाफ थाना सिधारी पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। अंगद यादव के खिलाफ 2000 से 2015 तक तीन गंभीर आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गम्भीर अपराध शामिल हैं।
अंगद यादव ने अपनी पत्नी विमला द्वारा पुश्तैनी जमीन पर भवन का निर्माण कराया था और स्वयं के नाम से बाइक खरीदी थी। उक्त दोनों संपत्तियों की सर्किल रेट 33,56,326 और वर्तमान मार्केट मूल्य लगभग 40 लाख है। जिला प्रशासन ने मुनादी भी कराई थी। साभार डीबी।
![]() |
अंगद यादव, फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें