जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर नगर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए शनिवार को महिला का ऑपरेशन किया गया। उसके कुछ ही देर के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में परिवार के लोग पीड़िता को लेकर प्रयागराज भागे, लेकिन तब तक जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई।
वापस लौटे परिजनों ने रविवार की सुबह मुंगराबादशाहपुर थाने के सामने हंगामा शुरू कर दिया। वे लोग अस्पताल संचालक और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने समझाया तब मामला शांत हुआ। परिजनों ने थाने में अस्पताल संचालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जंघई रोड स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार की सुबह प्रसव पीड़िता पूजा सिंह (25) पत्नी वीरेंद्र प्रताप सिंह निवासी नारायणपुर खुर्द खोजेमऊ फतनपुर प्रतापगढ़ को भर्ती कराया गया। वहां शाम को छह बजे ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद जज्जा-बच्चा की हालत बिगड़ गई।
ऐसे में डॉक्टर ने पीड़िता को प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से प्रयागराज लेकर पहुंचे लेकिन जब तक पूजा को अस्पताल में भर्ती कराया जाता तब तक मौत हो चुकी थी। उधर, बच्चे की भी मौत हो गई। परिजन भारी संख्या में थाने पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
थानाध्यक्ष ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। पूजा सिंह के ससुर बृज कुमार सिंह ने डॉक्टर पर लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी का कहना है कि मृतका के ससुर ने तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कोई स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। साभार ए यू।
![]() |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें