जौनपुर। पीडब्ल्यूडी के दो जेई और एक कर्मचारी को छुड़ाने पहुची पुलिस और मल्हनी विधायक के बीच रविवार देर रात झड़प हो गई। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने तीन कर्मचारियों को बंधक बना लिया था।
इस दौरान विधायक और पुलिसकर्मी में खींचतान भी हुई।
ओलन्दगंज में जेसी चौराहे के पास मल्हनी से सपा विधायक लकी यादव का मकान है। रविवार देर रात करीब साढ़े दस बजे पीडब्ल्यूडी के तीन जेई और एक कर्मचारी सड़क किनारे नाली की नापी कर रहे थे। तभी लकी यादव के समर्थकों ने पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों को दौड़ा लिया। बताया जा रहा है कि समर्थकों को देख चारों भागने लगे। एक जेई तो भाग गया और दो जेई और एक कर्मचारी को समर्थकों ने पकड़ा लिया। आरोप है कि तीनों कर्मचारियों को लकी यादव के घर में बंधक बना लिया गया। सूचना पर कर्मचारियों को छुड़ाने के लिए लकी यादव के घर पर नगर मजिस्ट्रेट देवेन्द्र कुमार सिंह, शहर कोतवाल सतीश सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस से विधायक लकी यादव और समर्थकों की झड़प हो गई। इस दौरान विधायक और पुलिसकर्मी के बीच धक्कामुक्की और खींचतान भी हुई। आधे घंटे के हंगामे के बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बंधक बनाए गए दोनों जेई और कर्मचारी को मुक्त कर लिया। बाद में परिजनों ने हस्तक्षेप कर विधायक लकी को शांत कराया और घर के अंदर ले गए। शहर कोतवाल सतीश सिंह ने बताया कि जेई को बंधक बनाया गया था। कई कार कहने के बाद भी विधायक और समर्थक कर्मचारियों को छोड़ने के लिए राजी नहीं हुए। आखिरकार पुलिस ने सख्ती करते हुए उन्हें मुक्त करा दिया। इसके बाद मामला शांत हो गया। साभार एचटी।
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें