सासाराम । जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान हो जाएंगे। शिवसागर थाना क्षेत्र में सिकरौर पंचायत के नौडीहा का युवक मुकेश तिवारी अंतिम संस्कार के एक सप्ताह बाद घर पहुंचा।
इसे देख सभी अचंभित रह गए। पुलिस के अनुसार यह मामला प्रेम प्रसंग का है। युवक और युवती के शव को एकसाथ वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए पुलिस ने हरियाणा से बरामद किया था। हालांकि मामले में युवक के पिता ने छह लोगों पर बेटे के अपहरण व हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी थी। कैमूर के सोनहन थाना क्षेत्र के बरामद शव को बेटे के रूप में पहचान कर बाप ने अंतिम संस्कार भी किया था। कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस को खरी-खरी भी सुनाई थी।
मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ संतोष कुमार राय ने बताया कि परिवार के सदस्य ने युवक की गुमशुदगी व हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। साथ ही पुलिस अधिकारी पर काम में लापरवाही बरतने के लिए संगीन आरोप लगाये थे। लेकिन यह मामला प्रेम-प्रसंग का निकला। मामले में पुलिस द्वारा सूझबूझ तथा वैज्ञानिक अनुसंधान के बाद मृतक व उसकी प्रेमिका को हिरासत में लिया गया है। बताया कि युवक द्वारा अपने परिवार के सदस्यों को गुमराह किया गया। वह कोनकी पंचायत के छोटकी चेनारी की युवती को लेकर हरियाणा के पानीपत पहुंचा, जहां दोस्तों के साथ रहने लगा। जांच के बाद लड़की व लड़का के जीवित रहने तथा मोबाइल से अपने मित्रों से बातचीत की पुष्टि हुई थी। मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने के बाद थानाध्यक्ष द्वारा टीम गठित किया गया। हरियाणा पुलिस के सहयोग से रविवार को पानीपत से युवक व युवती को बरामद किया गया। दोनों का बयान न्यायालय में कराया गया। न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई होगी।
दोनों ने शादी की है, इसका कोई प्रमाण पत्र पुलिस को नहीं मिला है। इसलिए सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है। युवक का अपराधिक इतिहास रहा है। इसके लिए विशेष जांच की जा रही है। वहीं युवक के पिता उमेश तिवारी ने बताया कि बेटे ने गलत काम किया है। हम अपने परिवार को नहीं रख सकते हैं। इसे जहां जाना है, स्वतंत्र है। हमारे परिवार कई तरह से परेशानियों से गुजरी है।
युवक के पिता ने बेटे की हत्या की दर्ज कराई थी प्राथमिकी
बता दें कि युवक के पिता उमेश तिवारी ने बेटे की हत्या में छह पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। थानाध्यक्ष राकेश गोसाईं की मानें तो विनोद पासवान मनकी, रितेश पासवान, कन्हैया पासवान छोटकी चेनारी, राजेश पासवान, पप्पू मनकी, सुधीर पासवान मनकी पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया गया था। वहीं एसडीओपी ने बताया कि गलत शव को पहचान करने के बाद पुलिस का काम कठिन हो गया था। लेकिन, संवेदना में नहीं बह कर सत्य को उजागर करने में मेहनत करनी पड़ी है। जिस लवारिस शव की गलत शिनाख्त हुई है, उसकी डिटेल्स ,पोस्टमार्टम रिपोर्ट सभी उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। साभार एचटी।
![]() |
सांकेतिक चित्र |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें