जौनपुर । जिले के सरायख्वाजा क्षेत्र में लालजी यादव हत्याकांड का आरोपी कल्लू उर्फ फौजी दिल्ली की रोहिणी जेल से वारंटी बी के जरिए मंगलवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) कोर्ट में पेश किया गया।
यहां के कई मामलों में वह आरोपित है। न्यायालय की कार्रवाई पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस उसे वापस ले गई। हाल ही में दिल्ली की स्पेशल सेल ने एक लाख के इनामी रहे कल्लू उर्फ फौजी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। इसके पूर्व अक्टूबर 2020 में कई मामलों में फरार चल रहे कल्लू उर्फ फौजी के घर की कुर्की की गई। बुलडोजर चलवा कर उसका मकान जमींदोज किया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 31 मई 2019 को सुबह 8:30 बजे जौनपुर जिले में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर मां दुर्गा स्कूल के सामने सपा नेता व ठेकेदार लालजी यादव निवासी ग्राम उड़ली थाना सरायख्वाजा को बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दिया था, उस समय वह स्कॉर्पियो गाड़ी में बातचीत कर रहे थे। घटना की प्राथमिकी लाल जी के बड़े भाई कमला प्रसाद यादव ने दर्ज कराया था।
मामले में कल्लू सिंह उर्फ फौजी निवासी देवकली आजमगढ़ के अलावा सतीश सिंह, अमन सिंह, प्रिंस उर्फ प्रशांत सिंह का नाम प्रकाश में आया था। कुर्की की नोटिस चस्पा होने के बाद भी आरोपित हाजिर नहीं हुए तो चारों के खिलाफ पुलिस ने धारा 174 आईपीसी के तहत एफआईआर अलग से दर्ज कराया था। फौजी पर 18 जुलाई 2017 को वाजिदपुर तिराहा सिटी टावर में महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड कार्यालय में अन्य आरोपितों के साथ कैश काउंटर पर गोली चलाने और रुपए लूटने का आरोप है। शाखा के कर्मचारी ने एफ आई आर दर्ज कराया था।
मामला लाइन बाजार थाना क्षेत्र का एक सितंबर 2017 का है जिसमें अरविंद, प्रशांत सिंह, कल्लू उर्फ फौजी, सुनील सिंह प्रवीण पांडेय पर पुलिस पार्टी पर फायरिंग की एफ आई आर दर्ज हुई थी। सिटी टावर में हुई लूट का खुलासा हुआ था। आरोपित के खिलाफ गैंगस्टर भी लगा है। उस मामले में भी कोर्ट में पेशी थी। साभार एनएस।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें