आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार गांव में मंगलवार की रात दावत के दौरान हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने अविवाहित छोटे भाई की लाठी से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।
बुधवार की सुबह जानकारी होने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया और लोगों से घटना की बाबत जानकारी हासिल की। उधर, एक अन्य भाई की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गुजरपार गांव निवासी स्व. महातम दुबे के पांच पुत्र थे।
सबसे छोटे पंचदेव दुबे (40) की शादी नहीं हुई थी। वह अपने एक भाई इंद्रपाल के साथ रहता था। मंगलवार की रात पंचदेव अपने बड़े भाई गिरीश दुबे व गांव के रहने वाले प्रवेश यादव के साथ ट्यूबवेल पर दावत करने गए थे। दावत के दौरान ही दोनों भाइयों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
कहासुनी के दौरान ही बड़े भाई गिरीश दुबे ने पंचदेव पर लाठी से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हाल में पंचदेव को मौके पर ही छोड़ कर गिरीश व पार्टी में शामिल रहे प्रवेश यादव फरार हो गए। रात भर घायलावस्था में पड़े-पड़े पंचदेव की मौत हो गई।
सुबह तक जब पंचदेव घर नहीं पहुंचे तो साथ रहने वाले भाई इंद्रपाल उसे खोजने निकले तो ट्यूबवेल के पास पंचदेव मृत अवस्था में पड़े मिले। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मौका मुआयना किया। एएसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि शराब पीने के दौरान भाईयों में विवाद व मारपीट हुई। बड़े ने छोटे भाई को धकेल दिया। सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। एक अन्य भाई की तहरीर पर पुलिस ने गिरीश और प्रवेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। साभार ए यू।
![]() |
सांकेतिक चित्र |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें