जौनपुर। डहडी गांव में बुधवार शाम मिट्टी की ढुलाई में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर घर के बाहर खेल रहे एक बालक की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।
करीब दो घंटे के बाद पुलिस के समझाने पर परिजन शांत हुए।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के डहडी गांव में एक व्यक्ति के यहां मिट्टी ढुलाई का काम चल रहा है। उसी में कई ट्रैक्टर-ट्रॉली लगे हुए हैं। बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक ट्रैक्टर मिट्टी गिराकर वापस जा रहा था। इसी दौरान घर के बाहर खेल रहा रामफेर बिंद का 10 वर्षीय पुत्र अंश ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे बेटे अंश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। अंश कक्षा चार में पढ़ता था। उसकी मौत से मां मालती का रो-रोक कर बुरा हाल है। वहीं, सूचना पाकर पहुंची सरायख्वाजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेना चाहा तो परिजनों ने रोक दिया। उन्होंने सड़क जाम कर दिया और ट्रैक्टर चालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करने लगे।
सरायख्वाजा थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए खेतासराय थाने की पुलिस भी बुला ली गई। शाम करीब सात बजे के बाद परिजन शव को सौंपने के लिए तैयार हुए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव केराकत क्षेत्र के बकुलिया गांव में टाइवीर पुलिया के पास बुधवार को रेलवे ट्रैक पर नोन मठिया गांव निवासी प्रदुम्न (24) का शव मिला। वह एक ढाबे पर रसोइया का काम करता था। परिवार के लोगों ने ट्रेन से कटने के कारण मौत की आशंका जताई है। प्रदुम्न तीन भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। बड़े भाई दिनेश यादव ने बताया कि वह सुबह भोजन करके काम पर जाने के लिए घर से निकला था। प्रभारी निरीक्षक केराकत आदेश त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साभार ए यू।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें