जौनपुर। मुंबई के नियंत्रण कक्ष में फोन करके विस्फोट करने की धमकी देने वाला युवक नेवढि़या थाना क्षेत्र के इटियाबीरी गांव निवासी निकला। स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बृहस्पतिवार की रात उसे गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस को सौंप दिया।
महाराष्ट्र के मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष में एक युवक का फोन आया। फोन करने वाला युवक 22 जून को मुंबई के अंधेरी, कुर्ला पश्चिम क्षेत्र और 24 जून को पुणे शहर को उड़ाने की धमकी दी थी। फोन करने वाले ने विस्फोट रोकने के लिए दो लाख रुपये की मांग भी की। धमकी मिलते ही मुंबई पुलिस अलर्ट हो गई। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति यूपी के जौनपुर जिले का है। उसी आधार पर मुंबई पुलिस ने जौनपुर पुलिस से संपर्क किया। मुंबई पुलिस से जानकारी मिलने के बाद जनपद पुलिस अलर्ट हो गई। बृहस्पतिवार की रात में क्राइम ब्रांच की टीम छापा मारकर नेवढि़या थाना क्षेत्र के इटियाबीरी गांव से आरोपी धर्मेश राजभर उर्फ राहुल पुत्र शारदा राजभर को गिरफ्तार कर लिया। एक समाचार एजेंसी द्वारा किए गए ट्वीट के अनुसार, मुंबई पुलिस ने बताया है कि आरोपी को पकड़ कर पूछताछ की गई तो पता चला कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण तत्काल पैसे के लिए उसने ऐसा कृत्य किया है। मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने उसे चार दिन की पुलिस अभिरक्षा में भेज दिया है।
वर्जन
मुंबई पुलिस के माध्यम से सूचना मिली थी। उसी आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम को भेजकर रात में आरोपी धर्मेश राजभर को गिरफ्तार करके मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया। - डॉ. अजय पाल शर्मा, एसपी-जौनपुर। साभार ए यू।
![]() |
फाइल फोटो |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें