आजमगढ़। दीदारगंज क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की रात घर में सो रही विवाहिता के साथ गांव के ही तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के समय वह घर में अकेली थी।
पिता बीमार मां का उपचार कराने के लिए जौनपुर गए थे। घटना के बाद पीड़िता अचेत हो गई। उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दीदारगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की 22 वर्षीय युवती की दो साल पहले शादी हुई थी। उसके माता-पिता नेवासा पर रहते हैं। मां टीबी पीड़ित है। पांच दिन पहले मां की हालत बिगड़ने की सूचना पर युवती मायके आई थी। मंगलवार को बीमार मां का इलाज कराने के लिए उसके पिता जौनपुर जनपद के खेतासराय गए थे। रात में दोनों वहीं रुक गए। युवती घर में अकेली थी। रात के समय वह घर के बरामदे में सो रही थी। रात करीब डेढ़ बजे गांव के ही तीन युवक पहुंच गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे मारपीटकर घायल कर दिया। महिला के शोर मचाने पर पड़ोस के कुछ लोग पहुंचे। इस दौरान तीनों आरोपी फरार हो गए। पड़ोस के लोगों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद अचेत विवाहिता को मार्टीनगंज सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। इस पर उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। दीदारगंज थानाध्यक्ष नदीम अहमद फरीदी ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी लाला राजभर, राजन यादव व पुतिया राजभर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साभार एचटी।
![]() |
सांकेतिक चित्र |
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें