एक बार फिर दूल्हे को बिना दुल्हन को वापस होना पड़ा,जाने क्यों?

एक बार फिर दूल्हे को बिना दुल्हन को वापस होना पड़ा,जाने क्यों?

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के कजगांव के राजेपुर स्थित पोखरे पर ऐतिहासिक कजरी मेला सम्पन्न हुआ। मेले में एक बार फिर दूल्हे को बिना दुल्हन के वापस होना पड़ा। कजरी के मेले में अश्लील गालियां भी लोगों को आनन्द दे रही थी।

डेढ़ शताब्दी से ज्यादा समय से लगने वाला यह ऐतिहासिक मेला वैसे तो एक दिन पूर्व से ही लगने लगता है। लेकिन सोमवार को चार बजते-बजते हजारों महिलाओं, पुरुषों व बच्चों की भीड़ जुट गयी। मेले में अन्य जिलों से भी काफी लोग आते हैं। पांच बजे के बाद पोखरे के पूर्वी घाट पर हाथी पर सवार होकर रवि सोनकर दूल्हा बनकर आ गया। उसके साथ शहबाले व सैकड़ों बाराती भी थे। बाराती आते ही पश्चिमी घाट पर आए लोगों से गन्दी व अश्लील हरकत करने लगे। उसके बाद कजगांव की तरफ से गुड्डू, ओम सेठ सहित एक-एक करके कई दूल्हे तथा शहहबाले हाथी, ऊंट, डीजे, बैंडबाजों, ढोल ताशा आदि के साथ पश्चिमी तट पर आ गए। दोनों तरफ से गाली-गलौज व अश्लील इशारों के साथ हो- हल्ला शुरू हो गया। यह कार्यक्रम लगभग डेढ़ घण्टे तक चला। दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे से दुल्हन विदा करने की मांग करते रहे। लेकिन इस बार भी दुल्हन कोई नहीं विदा करा पाया। दूल्हे अफसोस जताते हुए वापस लौट गए। यह अनोखी परम्परा एक बार फिर दोहराई गयी। इसके गवाह दोनों पक्षों के हजारों महिला व पुरुष बने। मेले में लगातार एक दूसरे को गाली दिया जा रहा था। यह गाली तनाव नहीं मिठास बढ़ा रही थी। इसके साथ ही मेला एक बार फिर सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो गया। इसमें हिन्दू मुस्लिम दोनों समुदाय के लोग शामिल रहे। मेले में आयी महिलाओं ने बारात के अनोखे आनंद के साथ ही श्रृंगार का सामान खरीदा। बच्चे झूले का आनंद लिए व खिलौने खरीदा। वृद्धों ने घर का सामान खरीदा। मेले में चेयरमैन फिरोज अहमद खान, छोटेलाल यादव, अबरार शाह समेत अन्य लोगों ने अहम भूमिका निभाई। थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे, इंस्पेक्टर हरिनारायण पटेल लगातार फोर्स के साथ चक्रमण करते रहे। महिला पुलिस की टीम भी निगहबानी में जगह-जगह लगी रही। साभार एचटी।

फाइल फोटो

रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह
जर्नलिस्ट
a.singhjnp@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने