आजमगढ़ । नगर कोतवाली क्षेत्र के बद्दोपुर बाजार में मंगलवार की शाम कुछ लोगों ने एक युवक को घर से बुलाकर गोली मार दी। सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी रही। तीन राउंड फायरिंग से बाजार में दहशत फैल गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के मनचोभा गांव निवासी 24 वर्षीय करन यादव स्नातक का छात्र है। शहर के हर्रा की चुंगी पर भी उसका मकान है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार शाम को वह हर्रा की चुंगी स्थित मकान पर मौजूद था। इस दौरान किसी ने उसके मोबाइल पर फोनकर बद्दोपुर बाजार में बुलाया। करन अपने दो साथियों के साथ शाम करीब पांच बजे बद्दोपुर बाजार पहुंचा। इसके बाद बाजार में दूसरे पक्ष के लोग भी आ गए। दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस बीच एक युवक ने तमंचा निकालकर करन के सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद करन ने वहां से भागने का प्रयास किया। इस बीच हमलावर दो फायर करते हुए फरार हो गया। घटना के बाद दूसरे पक्ष के लोग भाग खड़े हुए। स्थानीय लोग भागकर मौके पर पहुंचे। घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। परिजन भी आ गए। गंभीर रूप से घायल करन को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। इस पर उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचनार मिलने पर सीओ सिटी गौरव शर्मा और कोतवाल शशिमौली पांडेय ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सीओ सिटी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई है। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा। साभार एचटी।
![]() |
करन यादव,फाइल फोटो |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें