जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ (रामरायपुर) गांव में आम के बगीचे में बुधवार की सुबह एक युवक का बिना कपड़ों के शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक भाजपा नेता अनुपम शर्मा का भाई था।
मंगलवार शाम को वो दोस्त के साथ घर से निकला था। सरपतहां थाना क्षेत्र के उपाध्यायपुर गांव निवासी अनुराग शर्मा (34) मंगलवार शाम चार बजे धिरौली गांव निवासी दोस्त प्रमेश के साथ घर से निकला था। रात दस बजे तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद घरवालों ने सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार सुबह घर से 200 मीटर दूर खुटहन थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ (रामरायपुर) आम के बाग में किसी व्यक्ति ने अनुराग का शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। शव पर कपड़े नहीं थे। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान, थानाध्यक्ष सरपतहां अमित सिंह व थानाध्यक्ष खुटहन मुन्ना राम भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उधर घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी शालू शर्मा व दोनों पुत्रियों लाडो व शुभी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता प्रदीप शर्मा मुंबई से घर के लिए रवाना हुए। मृतक अपने दो भाइयों में छोटा था। लोगों की मानें तो युवक का कई लोगों से नहीं बनता था। मृतक के भाई अनुपम शर्मा भाजपा नेता के साथ ही प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी प्रचार प्रसार योजना के क्षेत्रीय मंत्री व बजरंग दल के पूर्व संयोजक हैं।
मृतक के परिजनों से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शव के पास सिगरेट की डिब्बी और उसके कपड़े बरामद हुए हैं।मृतक के शरीर पर चोट आदि का कोई निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकता है। --अजीत सिंह चौहान, क्षेत्राधिकारी शाहगंज।
अक्सर प्रमेश के साथ जाता था अनुराग -अनुराग अपने दोस्त प्रमेश के साथ अक्सर जाता था। प्रमेश उसे घर के निकट बाग के पास छोड़कर चला जाता था। मंगलवार की देर रात तक अनुराग घर नहीं लौटा तो परिजन ने प्रमेश से जानकारी ली। प्रमेश ने बताया कि वो उसे बाग तक छोड़कर अपने घर चला गया था। वह भी अनुराग के घर पहुंचकर पूरी रात दोस्त की तलाश में लगा रहा। लोगों में चर्चा थी कि काश प्रमेश अनुराग को उसके घर छोड़ गया होता तो घटना नहीं होती। साभार ए यू।
![]() |
अनुराग शर्मा (34),फाइल फोटो |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com
एक टिप्पणी भेजें