आज़मगढ़: आर्थिक तंगी से परेशान 52 वर्षीय व्यक्ति ने लगाई फांसी, मौत

आज़मगढ़: आर्थिक तंगी से परेशान 52 वर्षीय व्यक्ति ने लगाई फांसी, मौत

मेहनाजपुर (आज़मगढ़): थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक मामला सामने आया है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे लगभग 52 वर्षीय अच्छेलाल विश्वकर्मा पुत्र स्वर्गीय फूलचंद्र विश्वकर्मा ने फांसी के फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आर्थिक तंगी से था परेशान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अच्छेलाल विश्वकर्मा पिछले कुछ समय से गंभीर आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह काफी मानसिक तनाव में चल रहे थे। माना जा रहा है कि इसी तंगी और मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

भरा-पूरा परिवार है पीछे
मृतक अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अच्छेलाल विश्वकर्मा के परिवार में उनके पत्नी,दो पुत्र—शिवम और सागर—तथा एक पुत्री हैं। पिता की अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और परिवार के भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मेहनाजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए शव को फंदे से नीचे उतारा और अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उप निरीक्षक बेचू प्रसाद यादव का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फाइल फोटो 

रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने