आजमगढ़: दादा और चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले 50 हजार का इनामी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

आजमगढ़: दादा और चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले 50 हजार का इनामी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

आजमगढ़: जनपद के थाना पवई क्षेत्र में पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी और 50,000 रुपये का इनामी बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। मंगलवार (21 जुलाई) को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (आलाकत्ल), अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की है। घायल बदमाश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में भर्ती कराया गया है।

पैतृक संपत्ति और पारिवारिक रंजिश बना खूनी संघर्ष
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीती 09/10 जुलाई, 2026 की रात थाना पवई के ग्राम हेवती में पैतृक भूमि के बंटवारे और आर्थिक लेन-देन को लेकर परिवार में खूनी संघर्ष हुआ था। आरोपी संतोष यादव (पुत्र स्व. सूर्यलाल उर्फ सनातन दास, निवासी ताराखुर्द, थाना मालीपुर, जनपद अंबेडकरनगर) ने अपने सगे दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित पर धारदार कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी थी।
घटना के बाद से ही आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था। इस दुस्साहसिक वारदात को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आजमगढ़ द्वारा आरोपी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पवई थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी सुरागकशी में जुटी थी।

रसूलाबाद मोड़ पर हुई पुलिस से मुठभेड़

मंगलवार को थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि दोहरे हत्याकांड का मुख्य इनामी आरोपी मोटरसाइकिल से ओरिल की तरफ से ग्राम हेवती की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए हेवती-ओरिल मार्ग पर रसूलाबाद मोड़ के पास बैरिकेडिंग कर घेराबंदी कर ली। कुछ देर बाद एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर अभियुक्त हड़बड़ाकर गाड़ी मोड़ने लगा, लेकिन हालिया बारिश के चलते फिसलन होने से उसकी मोटरसाइकिल सड़क पर गिर गई।
खुद को पूरी तरह घिरता देख अपराधी संतोष यादव ने पुलिस बल पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने सूझबूझ और आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। पुलिस ने बिना देर किए उसे दबोच लिया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे और घटनास्थल से निम्नलिखित साक्ष्य व वस्तुएं बरामद की हैं:
एक अदद अवैध देशी तमंचा (.315 बोर)
एक अदद जीवित कारतूस (.315 बोर)
तीन अदद खोखा कारतूस (.315 बोर)
एक अदद धारदार कुल्हाड़ी (आलाकत्ल)
एक अदद सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (काला रंग, रजिस्ट्रेशन संख्या: UP45W7734)
जामा तलाशी से 600 रुपये नकद।

बढ़ गईं मुश्किलें, दर्ज हुआ नया मुकदमा

पुलिस ने इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त संतोष यादव पर शिकंजा कसते हुए थाना पवई में नया मुकदमा धारा 109(1) BNS एवं 3/25/27 Arms Act) दर्ज कर लिया है। फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर तमाम साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस की दोनों टीमों (थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल के नेतृत्व और उपनिरीक्षक ओम प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व वाली टीमों) की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है।

पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार ईनामिया आरोपी

रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने