आजमगढ़: जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवा गांव में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला बरवा गांव का है, जहां शिव मंदिर के ठीक बगल में स्थित हनुमान मंदिर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर वहां टंगे हुए पीतल के दो बड़े घंटे चुरा लिए। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में खासा रोष व्याप्त है।
सुबह साफ-सफाई के दौरान सामने आया मामला
घटना की जानकारी तब हुई जब रोज की तरह गांव के ही रहने वाले लखीराम यादव सुबह मंदिर में साफ-सफाई करने पहुंचे। लखीराम, जो नियमित रूप से मंदिर की देखरेख और साफ-सफाई का जिम्मा संभालते हैं, ने बताया कि जब वे सुबह मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य द्वार का लॉक टूटा हुआ पाया।
अंदर जाकर देखा तो मंदिर में लगे दो महत्वपूर्ण घंटे गायब थे। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना गांव के अन्य लोगों को दी, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
जुआरियों का अड्डा बनने से बढ़ा संदेह
स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना के पीछे असामाजिक तत्वों और जुआरियों का हाथ होने की आशंका जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस धार्मिक स्थल के आस-पास आए दिन जुआरियों का जमावड़ा लगा रहता है और यहां खुलेआम जुआ खेला जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस प्रशासन की सुस्ती के कारण इन इलाकों में अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इसी जुआरियों के गिरोह या किसी नशेड़ी ने इस चोरी की घटना को अंजाम दिया होगा।
पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग
मंदिर जैसी पवित्र जगह पर हुई इस चोरी की घटना से ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। स्थानीय लोगों ने मेहनाजपुर थाने की पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और मंदिर परिसर के आसपास जुआ खेलने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
![]() |
| बरवा स्थित हनुमान जी का मंदिर,फाइल फोटो |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

एक टिप्पणी भेजें