मानसिक तनाव से जूझ रहे इंटर के छात्र ने फंदे से लटककर की खुदकुशी,घर में मचा कोहराम

मानसिक तनाव से जूझ रहे इंटर के छात्र ने फंदे से लटककर की खुदकुशी,घर में मचा कोहराम

मेहनाजपुर (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र के तियरा इकबालपुर गांव में शुक्रवार की रात एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां इंटरमीडिएट के 18 वर्षीय छात्र पवन विश्वकर्मा ने अपने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। देर रात परिजनों को जब इस बात की भनक लगी, तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कमरे में गए परिजनों के उड़े होश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तियरा इकबालपुर निवासी पवन विश्वकर्मा शुक्रवार की रात परिजनों के साथ खाना खाने के बाद छत पर स्थित अपने कमरे में सोने चला गया था। रात करीब दो बजे किसी काम से परिजन जब उसके कमरे में गए, तो वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पवन छत में लगे लोहे के एंगल के सहारे गमछे के फंदे पर लटका हुआ था। आनन-फानन में पुलिस को इस बात की सूचना दी गई।

डिप्रेशन में था छात्र, चल रहा था इलाज
मृतक के पिता सत्येंद्र विश्वकर्मा ने रोते हुए बताया कि पवन पिछले कुछ दिनों से गंभीर मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से जूझ रहा था। उसका होम्योपैथिक डॉक्टर से इलाज भी कराया जा रहा था, लेकिन वह अंदर ही अंदर घुट रहा था। पवन तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

थाना प्रभारी का बयान
युवक द्वारा फंदे से लटककर जान दिए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।"
अखिलेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी, मेहनाजपुर

सांकेतिक चित्र 

रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने