उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपर मुख्य सचिव से की मुलाकात, पुरानी पेंशन सहित कई मांगें उठाईं

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपर मुख्य सचिव से की मुलाकात, पुरानी पेंशन सहित कई मांगें उठाईं

लखनऊ/जौनपुर। राज्य सरकार शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप, बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शेष बचे नॉन-टेट (Non-TET) शिक्षकों के लिए जल्द ही विशेष टीईटी (विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा) का आयोजन किया जाएगा। यह आश्वासन बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल को दिया।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी एवं प्रदेश महामंत्री उमाशंकर सिंह के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के दौरान अपर मुख्य सचिव ने आगामी योजनाओं की रूपरेखा साझा की।
इसी माह आएगा यूपीटेट का परिणाम
बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव ने बताया कि 16 जून के शासनादेश के आलोक में वर्तमान यूपीटेट (UPTET) परीक्षा का परिणाम इसी माह के अंत तक घोषित कर दिया जाएगा। परिणाम जारी होने के तुरंत बाद, विभाग में सेवारत बचे हुए नॉन-टेट शिक्षकों से संबंधित आवश्यक सूचनाएं व आंकड़े जुटाए जाएंगे, जिसके बाद अति शीघ्र विशेष टीईटी परीक्षा की तिथि घोषित कर इसका आयोजन कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा किसी भी शिक्षक को प्रभावित करने की नहीं, बल्कि उनकी सेवाओं को सुरक्षित रखने की है।
कैशलेस चिकित्सा व अन्य निर्णयों पर जताया आभार
प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी ने राज्य सरकार द्वारा शिक्षकों के हित में लिए गए हालिया फैसलों की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ एमओयू (MoU) साइन करने जैसे कल्याणकारी कदमों के लिए मुख्यमंत्री और विभाग का आभार व्यक्त किया। तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में सरकार शिक्षकों के मान-सम्मान और उनके कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
पुरानी पेंशन और सेवा सुरक्षा पर प्रभावी कार्रवाई की मांग
सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई इस बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों से जुड़े कई अन्य ज्वलंत मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया और उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की:
पुरानी पेंशन योजना (OPS): 1 अप्रैल 2005 से पूर्व विज्ञापित/नियुक्त सभी शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग।
मध्यान्ह भोजन (MDM): मध्यान्ह भोजन योजना के खातों का संचालन पूर्व की भांति विद्यालय प्रबंध समिति (SMC) के माध्यम से ही कराए जाने का आग्रह।
69,000 शिक्षक भर्ती: इस भर्ती के तहत नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में प्रभावी और ठोस कार्रवाई की मांग।
बैठक में यह रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षक संघ की ओर से प्रांतीय संयुक्त महामंत्री डॉ. अमित सिंह, मंडलीय मंत्री अजय शुक्ला, जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह, जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण दुबे, अमित कुमार मिश्रा, राजेश सिंह 'टोनी', बलवंत सिंह, कुलदीप पाठक तथा संदीप शुक्ला सहित कई अन्य वरिष्ठ शिक्षक प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

फाइल फोटो 

रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

0/Post a Comment/Comments

और नया पुराने