आजमगढ़। जिले के तरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पट्टी भिखारी ग्राम सभा में आपसी रंजिश को लेकर एक महिला पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चार लोग मिलकर एक महिला की बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाजरे के खेत में ले जाकर पीटा
पीड़ित महिला पूनम यादव (निवासी: पट्टी भिखारी) ने बताया कि वह अपने काम से जा रही थीं, तभी पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही एक परिवार के चार लोगों ने उन्हें जबरन दबोच लिया। आरोपी उन्हें घसीटते हुए पास के बाजरे के खेत में ले गए। वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमलावरों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई और वहां से भागकर पुलिस को सूचना दी।
आरोपियों ने मुझे घेरकर बाजरे के खेत में खींच लिया और लाठी-डंडों से मारने लगे। मैंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को फोन किया।
पूंम यादव, पीड़िता
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही 100 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़िता ने तरवा थाने में नामजद लिखित तहरीर दी है। थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान), और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
हालत गंभीर, सदर अस्पताल रेफर
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता को तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए आजमगढ़ सदर (जिला) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
![]() |
| फाइल फोटो |
रिपोर्ट:अमित कुमार सिंह
एडिटर इन चीफ(परमार टाईम्स)
parmartimes@gmail.com

एक टिप्पणी भेजें